
रक्षाबंधन पर एसएसपी इटावा ने सपरिवार रिक्रूट महिला आरक्षियों संग मनाया त्यौहार
जनपद इटावा | विशाल समाचार
रक्षाबंधन के पावन पर्व पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा, श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने शनिवार को पुलिस लाइन इटावा में प्रशिक्षणरत रिक्रूट महिला आरक्षियों के साथ सौहार्दपूर्ण माहौल में त्यौहार मनाया।
कार्यक्रम के दौरान महिला आरक्षियों ने परंपरागत विधि से एसएसपी महोदय को राखी बांधी और उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं सफलता की मंगलकामनाएं दीं। इस आत्मीय क्षण में पुलिस परिवार की अपनापन और भाई-बहन के स्नेह की झलक देखने को मिली।
एसएसपी श्रीवास्तव ने सभी महिला आरक्षियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने आरक्षियों को पुलिस सेवा में निष्ठा, अनुशासन, ईमानदारी और सेवा-भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि महिला आरक्षियों का योगदान पुलिस बल को सशक्त बनाने के साथ ही समाज में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और समानता के प्रति विश्वास को भी मजबूत करता है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी रिक्रूट आरक्षियां प्रशिक्षण पूर्ण कर पुलिस सेवा में अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाकर जनपद का नाम रोशन करेंगी।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी लाइन/जसवंतनगर सुश्री आयुषी सिंह एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

