मध्य प्रदेशरीवा

लगातार वर्षा के कारण बकिया बराज एवं तीन बांधों का जल स्तर बढ़ा – खोले गये गेट

लगातार वर्षा के कारण बकिया बराज एवं तीन बांधों का जल स्तर बढ़ा – खोले गये गेट

रीवा (MP):रीवा जिले में पिछले तीन दिनों से रूक-रूककर मध्यम तथा भारी वर्षा हो रही है। जिले में पिछले तीन दिनों में 100 मि.मी. से अधिक वर्षा दर्ज हुई है। लगातार वर्षा के कारण बकिया बराज सहित रीवा जिले के त्योंथर क्षेत्र को प्रभावित करने वाले उत्तरप्रदेश के मेजा बांध, अदवा बांध तथा सिरसी बांध का जल स्तर बढ़ गया है। इन बांधों में अतिरिक्त जल की निकासी के लिये गेट खोले गये हैं। इस संबंध में अधीक्षक भू अभिलेख जीपी सोनी ने बताया कि बकिया बराज में अधिकतम जल स्तर 280.5 मीटर है। इसमें 11 अगस्त को प्रात: 8 बजे 279.7 मीटर पर जल स्तर था। इसके आठ गेट खोलकर 332.8 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। बीहर बराज रीवा का अधिकतम जल स्तर 280 मीटर है। इसमें 278.8 मीटर जल भराव होने पर 4 गेट खोले गये हैं। इनसे 3 हजार 216 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।

अधीक्षक भू अभिलेख ने बताया कि मिर्जापुर जिले के तीन बांधों का पानी बेलन नदी के माध्यम से टमस नदी में पहुंचता है। जिससे त्योंथर तहसील के कई गांव प्रभावित होते हैं। हनुमना तथा मिर्जापुर क्षेत्र में लगातार वर्षा हो रही है। जिसके कारण अदवा, सिरसी एवं मेजा बांधों से अतिरिक्त पानी छोड़ा जा रहा है। मेजा बांध में 11 अगस्त को प्रात: 8 बजे जल स्तर 175.5 मीटर था। इसके पांच गेट 60-60 से.मी. खोलकर 7685 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इस बांध का अधिकतम जल स्तर 178 मीटर है। अदवा बांध का अधिकतम जल स्तर 193.83 मीटर है। इसमें 191.35 मीटर जल स्तर होने पर दो गेट खोलकर 3390 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। सिरसी बांध का अधिकतम जल स्तर 217.93 मीटर है। इसमें लगातार वर्षा के कारण 216.6 मीटर तक जल भराव होने के कारण दो गेट दो-दो फुट खोलकर 1728 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। जिले की सभी नदियां खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं। रीवा शहर में विक्रम पुल में बीहर नदी 291.4 मीटर तथा पटेहरा में टमस नदी 96.6 मीटर के जल स्तर पर है। डीह पुल में बेलन नदी का जल स्तर 109 मीटर है जो खतरे के निशान से एक मीटर नीचे है।

अधीक्षक ने बताया कि बाणसागर बांध का अधिकतम जल स्तर 341.64 मीटर है। बांध में 11 अगस्त तक 336.43 मीटर तक जल भराव हो चुका था। इस बांध से अभी अतिरिक्त पानी निकालने के लिये गेट खोलने की आवश्यकता नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button