पूणे

स्वतंत्रता दिवस पर पैरा शूटर निहाल सिंह बने गोल्डन बॉय

स्वतंत्रता दिवस पर पैरा शूटर निहाल सिंह बने गोल्डन बॉय

एजीसी स्पोर्ट्स पैरा खेलोत्सव – पैरा एडिशन 2025 का पांचवां दिन

 

पुणे : जहां पूरे देश में स्वतंत्रता दिवस का उल्लास था, वहीं पुणे के श्री शिवछत्रपति स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, म्हाळुंगे में भारत के पैरा शूटरों ने देश का मान बढ़ाया। एजीसी स्पोर्ट्स पैरा एडिशन 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए राजस्थान के निहाल सिंह ने P3 मिक्स्ड 25 मीटर पिस्टल SH1 वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर स्वतंत्रता दिवस को और खास बना दिया।

 

शुक्रवार को खेले गए इस फाइनल मुकाबले में निहाल सिंह ने 28 अंकों के साथ गोल्ड मेडल अपने नाम किया। हरियाणा के राहुल जाखड़ ने 27 अंकों के साथ रजत पदक हासिल किया, जबकि आर्मी के आमिर अहमद भट 25 अंकों के साथ कांस्य पदक पर रहे।

 

फाइनल बेहद रोमांचक रहा। आखिरी दो राउंड तक निहाल सिंह तीसरे स्थान पर थे, लेकिन अंतिम फेरी में उन्होंने बेहतरीन निशानेबाजी करते हुए बढ़त बनाई और गोल्ड पर कब्जा जमाया। आमिर अहमद भट शुरुआत से ही पहले स्थान पर थे, लेकिन अंतिम दो राउंड में लय कायम न रख पाने के कारण उन्हें तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। गोल्ड के लिए निहाल सिंह और राहुल जाखड़ के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली।

 

अन्य खिलाड़ियों में हरियाणा के मनीष नारवाल 17 अंकों के साथ चौथे, आर्मी के धर्मेंद्र सिंह 13 अंकों के साथ पांचवें, हरियाणा के संदीप कुमार 11 अंकों के साथ छठे, उत्तर प्रदेश के आकाश 7 अंकों के साथ सातवें और राजस्थान के राहुल शर्मा 5 अंकों के साथ आठवें स्थान पर रहे।

 

11 अगस्त से शुरू हुई इस प्रतियोगिता में देश के शीर्ष पैरा शूटर शामिल हुए हैं। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हुआ यह फाइनल मुकाबला दर्शकों के लिए बेहद प्रेरणादायी साबित हुआ।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button