इटावा

जिला गंगा, वृक्षारोपण एवं पर्यावरण समिति की बैठक संपन्न

जिला गंगा, वृक्षारोपण एवं पर्यावरण समिति की बैठक संपन्न

विशाल समाचार संवाददाता इटावा 

इटावा:  कलेक्ट्रेट सभागार में आज जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति, वृक्षारोपण समिति एवं पर्यावरण समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।

 

बैठक में जिलाधिकारी ने गंगा संरक्षण एवं पर्यावरण सुधार से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि जन जागरूकता बढ़ाना, नदी तट का विकास, वनीकरण, सीवरेज उपचार हेतु ढांचे का निर्माण, ठोस अपशिष्ट रोकथाम, जैव विविधता संरक्षण और नदियों का पुनरुद्धार अत्यंत आवश्यक है।

 

उन्होंने निर्देश दिए कि मार्च–अप्रैल तक घर-घर से कूड़ा एकत्र कर एम.आर.एफ. केंद्र तक पहुंचाया जाए। जिलाधिकारी ने लोगों को नदी में कूड़ा, कपड़ा या अन्य ठोस अपशिष्ट न फेंकने हेतु जागरूक करने पर बल दिया। साथ ही भीड़भाड़ वाले स्थानों व मेलों में जागरूकता बैनर लगाने के निर्देश दिए। घाट विकास हेतु संभावित स्थलों की पहचान करने पर भी जोर दिया।

 

जिला पर्यावरण समिति की बैठक में ठोस, प्लास्टिक व अन्य अपशिष्ट प्रबंधन पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने पक्का तालाब स्थित एम.आर.एफ. केंद्र को सक्रिय करने और लखना व बकेवर केंद्रों के लिए पहुंच मार्ग नगर निकाय द्वारा स्वयं बनाने को कहा। उन्होंने संबंधित नगर निकायों को पत्र भेजकर सड़क किनारे पड़े कचरे को हटाने के निर्देश दिए।

 

प्राइवेट नर्सिंग होम के बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने तथा निरीक्षण टीम बनाकर यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि बायोमेडिकल वेस्ट सामान्य कचरे में न डाला जाए। उन्होंने ई-कचरा प्रबंधन को लेकर भी जन जागरूकता अभियान चलाने की बात कही।

 

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम, जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद, डीपीओ संजीव चौहान, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रमेश चंद्र, बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार, संस्कृत पर्यटन अधिकारी मोहित सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button