पूणे

जिला विकास समन्वय एवं नियंत्रण समिति की बैठक सम्पन्न

जिला विकास समन्वय एवं नियंत्रण समिति की बैठक सम्पन्न

नदियों को प्रदूषणमुक्त करने के लिए उपनदियों व नालों के जल पर भी होगी समन्वित प्रक्रिया

— केंद्रीय नागर विमानन राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोळ

स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत जिले में जिला परिषद की ओर से कचरा प्रबंधन हेतु 10 नये प्रकल्प शुरू होंगे

 

पुणे (विशाल समाचार):पुणे जिले की प्रमुख नदियों को प्रदूषणमुक्त करने के लिए चल रहे प्रकल्पों को गति मिली है। इन प्रकल्पों की सफल क्रियान्विति के लिए केवल बड़ी नदियों पर ही नहीं, बल्कि उनमें मिलने वाली छोटी उपनदियों और नालों के पानी पर भी वैज्ञानिक पद्धति से प्रक्रिया करना आवश्यक है। इसके लिए शीघ्र ही पुणे महानगरपालिका, पिंपरी-चिंचवड़ महानगरपालिका, पीएमआरडीए और जिला परिषद की संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी। यह जानकारी केंद्रीय नागर विमानन राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोळ ने दी।

 

जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं नियंत्रण समिति (दिशा) की आढावा बैठक में वे बोल रहे थे। इस अवसर पर नगरविकास व सामाजिक न्याय विभाग की राज्यमंत्री माधुरी मिसाळ, सांसद श्रीरंग बारणे, विधायक बापूसाहेब पठारे, विधायक बाबाजी काळे, जिलाधिकारी जितेंद्र डुडी, पिंपरी-चिंचवड़ महानगरपालिका आयुक्त शेखरसिंह, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गजानन पाटील तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

मंत्री मोहोळ ने कहा कि पुणे जिला औद्योगिक, शैक्षणिक और आईटी क्षेत्र में अग्रणी है, किंतु जलप्रदूषण की समस्या गंभीर रूप ले चुकी है। ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों का गंदा पानी और औद्योगिक सांडपानी सीधे नदियों में जाने से प्रदूषण बढ़ा है। इसे रोकने के लिए केंद्र और राज्य सरकार प्रकल्पों पर काम कर रही हैं। लेकिन केवल बड़ी नदियों पर प्रकल्प स्थापित करने से पर्याप्त परिणाम नहीं मिलेंगे, उपनदियों व नालों पर भी प्रक्रिया अनिवार्य है। इसके लिए स्थानीय स्वराज संस्थाओं व नियोजन प्राधिकरणों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।

 

स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत पुणे जिले में जिला परिषद द्वारा कचरा प्रबंधन हेतु 10 नये प्रकल्प शुरू किए जाएंगे। इससे कचरा निपटान, मलनिस्सारण और स्वच्छता कार्यों को गति मिलेगी तथा पर्यावरण संतुलन में सहायता होगी।

 

पुणे मेट्रो के यात्री संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। जुलाई माह में जहाँ 1.92 लाख यात्री यात्रा कर चुके थे, वहीं अगस्त में यह संख्या बढ़कर 2.13 लाख हो गई। इसके दूसरे चरण के प्रस्ताव विभिन्न स्तरों पर प्रगतिरत हैं। मंत्री मोहोळ ने इसकी तकनीकी प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए।

 

पुणे हवाईअड्डे के पुराने टर्मिनल का नवीनीकरण कार्य दिसंबर तक पूर्ण हो जाएगा। वहीं नए टर्मिनल के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और मार्किंग का कार्य भी पूर्ण हो चुका है। यह जानकारी जिलाधिकारी जितेंद्र डुडी ने दी।

 

बैठक में जिले में चल रहे सड़क विकास, पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय एवं कल्याण विभाग की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। विशेष रूप से केंद्र प्रायोजित योजनाओं के सफल क्रियान्वयन हेतु जनप्रतिनिधि और प्रशासन के बीच समन्वय बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।

जिले की नदी स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, हरित ऊर्जा उत्पादन, ग्रामीण विकास और शहरी क्षेत्रों की मूलभूत सुविधाओं में पारदर्शी और प्रभावी कार्यान्वयन जिला विकास समिति की प्राथमिकता होगी, ऐसा इस अवसर पर कहा गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button