
सिंहगड़ रोड पर पुणे का सबसे बड़ा फ्लाईओवर मुख्यमंत्री के हाथों उद्घाटन के बाद वाहतुकी के लिए खुला
पुणे की यातायात व्यवस्था के लिए पुल बेहद महत्वपूर्ण; गणेशोत्सव के अवसर पर पुणेकरों के लिए उपहार – मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस
तीन चरणों में 118.37 करोड़ रुपये की लागत से तैयार फ्लाईओवर, 30 मिनट का ट्रैफिक समय घटकर केवल 5-6 मिनट पर आया
पुणे, (मोहन सिंह तोमर ):पुणे शहर में लगातार बढ़ रही वाहनों की संख्या और यातायात जाम की समस्या को दूर करने के लिए सिंहगड़ रोड पर बना लगभग ढाई किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर अब पुणेकरों की सेवा में उपलब्ध है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उद्घाटन समारोह में कहा कि यह पुल शहर की यातायात व्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस पुल से नागरिकों को न केवल ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी, बल्कि प्रदूषण में भी कमी आएगी। गणेशोत्सव के अवसर पर यह पुणेकरों के लिए एक उपहार है।
आज मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों फ्लाईओवर के दूसरे चरण का उद्घाटन कर इसे वाहनों के लिए खोल दिया गया। इस अवसर पर विधान परिषद की उपसभापति डॉ. नीलम गोरे, केंद्रीय नागरी विमानन राज्य मंत्री श्री मुरलीधर मोहळ, नगर विकास, परिवहन एवं सामाजिक न्याय विभाग की राज्यमंत्री श्रीमती माधुरी मिसाळ, विधायक भिमराव तापकीर, बापूसाहेब पठारे, सुनील कांबळे, विधान परिषद सदस्य योगेश टिळेकर, पुणे महानगरपालिका आयुक्त नवल किशोर राम, पुणे शहर के पुलिस आयुक्त अमितेश गुप्ता, अतिरिक्त आयुक्त पृथ्वीराज बी. पी. तथा शहर मुख्य अभियंता प्रशांत वाघमारे उपस्थित थे।
सिंहगड़ रोड से धायरी, नऱ्हे, खडकवासला, वडगाव बुद्रुक, नांदेड सिटी तथा बेंगलुरु-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रतिदिन लगभग डेढ़ लाख से अधिक वाहनों की आवाजाही होती है। इस मार्ग की एक ओर मुठा नदी और दूसरी ओर पहाड़ी होने से वैकल्पिक सड़क बनाना संभव नहीं था, इसी कारण फ्लाईओवर का निर्माण आवश्यक था। पुणे महानगरपालिका द्वारा इस फ्लाईओवर का भूमिपूजन केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितीन गडकरी ने 21 सितंबर 2021 को किया था।
फ्लाईओवर का निर्माण तीन चरणों में हुआ
पहले चरण में सिंहगड़ से स्वारगेट की ओर जाने वाला 520 मीटर लंबा राजाराम पुल चौक का फ्लाईओवर (लागत: 15 करोड़ रुपये)।
दूसरे चरण में विठ्ठलवाड़ी से फन टाइम थिएटर तक स्वारगेट से सिंहगड़ की ओर 2.1 किमी लंबा फ्लाईओवर (लागत: 61 करोड़ रुपये)।
तीसरे चरण में वीर शिवाजी काशीद चौक से कै. प्रकाश विठ्ठल इनामदार चौक तक सिंहगड़ से स्वारगेट की ओर 1.5 किमी लंबा फ्लाईओवर (लागत: 42 करोड़ रुपये)।
तीनों चरणों में कुल 118.37 करोड़ रुपये की लागत आई है।
30 मिनट का सफर अब केवल 5-6 मिनट में
पहले राजाराम पुल से फन टाइम थिएटर तक 2.6 किमी दूरी तय करने में छह चौराहे पार करने के कारण लगभग 30 मिनट का समय लगता था। अब नए फ्लाईओवर के कारण यह दूरी केवल 5-6 मिनट में पूरी होगी। पुल के नीचे की सड़क का आधुनिक विकास कर दोनों ओर तीन लेन की क्षमता, चौड़े फुटपाथ और पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा, सड़क के डिवाइडर का सौंदर्यीकरण CSR के अंतर्गत दो एजेंसियों द्वारा किया गया है, जिनके माध्यम से अगले पांच वर्षों तक इसकी देखभाल भी की जाएगी।
इस फ्लाईओवर के कारण सिंहगड़ रोड पर यातायात जाम में बड़े पैमाने पर कमी होगी और नागरिकों को सुगम व सुरक्षित आवागमन का लाभ मिलेगा।


