
पुणे में 27 अक्टूबर से राष्ट्रीय एरोबिक्स एवं जिम्नास्टिक्स चैंपियनशिप
SNBP समूह की मेजबानी में होगा आयोजन, देशभर से 2,500 से अधिक खिलाड़ियों के भाग लेने की उम्मीद
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान पुणे महाराष्ट्र
पुणे। SNBP ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की ओर से 27 से 31 अक्टूबर 2026 तक सीबीएसई राष्ट्रीय एरोबिक्स एवं जिम्नास्टिक्स चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रतियोगिता की तैयारियों, आयोजन स्थलों और खिलाड़ियों की भागीदारी से जुड़ी जानकारी दी गई।
आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता में देशभर के 2,500 से अधिक विद्यार्थी खिलाड़ियों के शामिल होने की उम्मीद है। राष्ट्रीय स्तर की इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने और प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव प्राप्त करने का अवसर देना है।
सीबीएसई राष्ट्रीय एरोबिक्स चैंपियनशिप चिंचवड़ स्थित SNBP इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित होगी, जबकि राष्ट्रीय जिम्नास्टिक्स चैंपियनशिप के लिए बावधन स्थित SNBP इंटरनेशनल स्कूल को आयोजन स्थल निर्धारित किया गया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में SNBP समूह के अध्यक्ष डॉ. डी. के. मोसले, अध्यक्षा डॉ. विशाली मोसले, कार्यकारी संचालिका देवयानी मोसले, डॉ. ऋतुजा मोसले और सलाहकार डॉ. अभय मार्कापुरम के मार्गदर्शन में किए जा रहे आयोजन के बारे में जानकारी दी गई।
आयोजकों ने बताया कि एरोबिक्स और जिम्नास्टिक्स में शारीरिक क्षमता, संतुलन, चपलता, अनुशासन और कलात्मक कौशल की अहम भूमिका होती है। प्रतियोगिता में निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए निर्धारित नियमों के अनुसार व्यवस्थाएं की जाएंगी। सीबीएसई की ओर से नियुक्त आधिकारिक निरीक्षकों और तकनीकी अधिकारियों की भी इसमें भूमिका रहेगी।
SNBP समूह का कहना है कि शिक्षा के साथ खेलों और कौशल आधारित गतिविधियों को प्रोत्साहित करना विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय स्तर पर अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।


