इटावा

कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने गए भाजपाइयों पर पथराव, भगदड़, 8 गिरफ्तार

कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने गए भाजपाइयों पर पथराव, भगदड़, 8 गिरफ्तार

Etawah BJP Protest इटावा में प्रधानमंत्री मोदी और उनकी मां पर अभद्र टिप्पणी के विरोध में भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने पहुंचे। इस दौरान कांग्रेसियों ने पथराव कर दिया जिससे भगदड़ मच गई। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। भाजपाई मुकदमा दर्ज करने की मांग पर धरने पर

 

विशाल समाचार संवदादाता, इटावा:  बिहार में राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनकी मां पर अभद्र टिप्पणी पर मचा घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। भाजपा कार्यकर्ता अभद्र टिप्पणी का विरोध करते हुए सोमवार को कांग्रेस के दफ्तर का घेराव करने पहुंचे। यहां पर पथराव हो गया।

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनकी मां पर बिहार में अभद्र टिप्पणी के विरोध में प्रदेश नेतृत्व के आवाहन पर कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने सोमवार को पहुंचे भाजपाइयों पर कांग्रेसियों ने अपने कार्यालय से पथराव कर दिया। जिसके बाद भगदड़ मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।

सदर विधायक सरिता भदौरिया के कंधे में और भाजपा जिला अध्यक्ष अरुण कुमार गुप्ता की टांग में पत्थर लगा। एक दर्जन भाजपाइयों के भी पत्थर लगे। पथराव से गुस्साए भाजपाई नगर पालिका चौराहे पर धरने पर बैठ गए और कांग्रेसियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग करने लगे।

 

हंगामे के बीच अपर जिलाधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव और एएसपी सिटी अभय नाथ त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और आठ कांग्रेसियों को गिरफ्तार कर कोतवाली ले गए। जिनमें कांग्रेस जिला अध्यक्ष आशुतोष दीक्षित, शहर अध्यक्ष मो राशिद खां, पूर्व शहर अध्यक्ष पल्लव दुबे, पीसीसी सदस्य प्रशांत तिवारी, काेमल सिंह कुशवाहा समेत तीन अन्य कार्यकर्ता शामिल हैं।

 

सदर विधायक सरिता भदौरिया ने कहा कि वे लोग शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करने आए थे। तभी कांग्रेसियों ने नगर पालिका की छत पर स्थित अपने कार्यालय से हमला कर दिया। भाजपा जिला अध्यक्ष अरुण कुमार गुप्ता ने कहा कि कांग्रेसियों ने अराजकता का प्रदर्शन किया। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अपर जिला अधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस द्वारा विधिक कार्यवाही की जाएगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button