पूणे

गणेशोत्सव राज्य महोत्सव : प्रतियोगिता और पोर्टल को उत्साहपूर्ण प्रतिसाद

गणेशोत्सव राज्य महोत्सव : प्रतियोगिता और पोर्टल को उत्साहपूर्ण प्रतिसाद

सांस्कृतिक कार्यमंत्री ॲड. आशीष शेलार का अधिकाधिक सहभाग का आह्वान

 

पुणे, (मोहन सिंह तोमर)

राज्य में मनाए जाने वाले गणेशोत्सव को वर्ष 2025 से राज्य उत्सव का दर्जा प्रदान किया गया है। इस राज्य महोत्सव के अंतर्गत आयोजित “महाराष्ट्र राज्य उत्कृष्ट सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल प्रतियोगिता” का इस वर्ष से तालुका स्तर तक विस्तार किया गया है। इसके परिणामस्वरूप जिला व राज्य स्तर के साथ–साथ अब तालुका स्तरीय पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।

 

महाराष्ट्रभर से अब तक 404 मंडलों ने प्रतियोगिता में सहभाग दर्ज कराया है और वर्तमान में विभिन्न तालुकों में प्रतियोगिता का मूल्यांकन कार्य चल रहा है।

 

राज्योत्सव का एक विशेष आकर्षण यह है कि घरगुती एवं सार्वजनिक गणेश प्रतिमाओं के छायाचित्र अपलोड करने हेतु स्वतंत्र पोर्टल उपलब्ध कराया गया है। इस पोर्टल पर श्रद्धालु और मंडल बड़ी संख्या में छायाचित्र अपलोड कर रहे हैं। अब तक 200 से अधिक घरगुती गणेश प्रतिमाएँ और 70 से अधिक सार्वजनिक मंडलों की प्रतिमाएँ अपलोड की जा चुकी हैं। इससे श्रद्धालुओं को घर बैठे घरगुती एवं सार्वजनिक मंडलों के बाप्पा का दर्शन संभव हो रहा है।

 

साथ ही, महाराष्ट्र के प्रमुख गणेश मंदिरों और सार्वजनिक मंडलों के गणेश प्रतिमाओं का सीधा दर्शन (लाइव स्ट्रीमिंग) भी इसी पोर्टल पर उपलब्ध है। इसमें मुंबई का लालबागचा राजा, मुंबईचा राजा, खेतवाडीचा गणराज, पुणे का दगडूशेठ हलवाई गणपति, श्री सिद्धिविनायक मंदिर, अष्टविनायक और टिटवाला गणपति जैसे प्रसिद्ध गणेश दर्शन एक ही मंच पर सुलभ हो रहे हैं। इस सुविधा से देश–विदेश के गणेश भक्त महाराष्ट्र के विविध जिलों और शहरों के गणेशोत्सव का लाभ ले पा रहे हैं।

 

इस उत्साहपूर्ण प्रतिसाद के लिए राज्य के सांस्कृतिक कार्यमंत्री ॲड. आशीष शेलार ने श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया है तथा अधिकाधिक मंडलों और नागरिकों से आग्रह किया है कि वे ganeshotsav.pldmak.co.in पोर्टल पर अपने गणेश प्रतिमाओं के छायाचित्र अपलोड कर इस राज्य महोत्सव में सहभागी बनें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button