राष्ट्रीय लोक अदालत : इटावा में 1,07,563 वादों का सफल निस्तारण, ₹34.76 करोड़ की वसूली
इटावा, विशाल समाचार
उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के तत्वाधान में आज जनपद न्यायालय, इटावा सहित सभी राजस्व न्यायालयों व प्रशासनिक विभागों के सहयोग से राष्ट्रीय लोक अदालत का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस आयोजन की अध्यक्षता माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, इटावा श्री रजत सिंह जैन ने की।
लोक अदालत में कुल 1,07,563 वादों का निस्तारण किया गया। इनमें आर्बिट्रेशन के 10 वाद, परिवार न्यायालय में 17 वैवाहिक प्रकरण (जिनमें 05 जोडों की साथ विदाई कराई गई), एम0ए0सी0टी0 में 107, उपभोक्ता न्यायालय में 09 तथा स्थाई लोक अदालत में 02 वाद शामिल रहे। सीजेएम न्यायालय व अन्य फौजदारी न्यायालयों द्वारा 2,046 आपराधिक प्रकरणों का निस्तारण किया गया।
अपर जिला जज/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री रूपेन्द्र सिंह टोंगर ने बताया कि प्री-लिटिगेशन के 1,03,257 वादों में ₹26,70,25,988 वसूले गए। प्री-लिटिगेशन और लम्बित वादों को मिलाकर कुल ₹34,76,13,964 की वसूली की गई।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों व बैंकों से जुड़े मामलों में ऋण भुगतान के संबंध में लोगों को बड़ी राहत व छूट दी गई। राष्ट्रीय लोक अदालत में न्यायिक अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में वादकारीगण उपस्थित रहे।


