स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के लिए दिया गया प्रशिक्षण
विशाल समाचार संवाददाता
रीवा : भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा आगामी 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान का आयोजन किया जाएगा। स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के सफल संचालन के लिए शहरी स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत कार्यरत सभी मेडिकल ऑफिसर, एएनएम तथा आशा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन में प्रदान किया गया। कार्यशाला में गर्भवती महिलाओं की जांच, एनसीडी प्रोग्राम, टीबी मुक्त भारत एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर तक बेहतर स्वास्थ्य प्रदायगी के लिए आवश्यक जानकारी एवं दिशा-निर्देश दिए गए। कार्यशाला में जिला स्वास्थ अधिकारी डॉ केबी गौतम, सौरव पाण्डेय पब्लिक हेल्थ मैनेजर एवं समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थिति रहे। उल्लेखनीय है कि अभियान महिला एवं बाल विकास द्वारा पोषण माह की गतिविधियों के अभिशरण और समन्वय से आयोजित किया जायेगा। अभियान का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी मध्यप्रदेश से 17 सितंबर को करेंगे। अभियान का उद्देश्य महिलाओं में स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़ी चुनौतियों की पहचान कर उन्हें समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसके साथ-साथ मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, किशोरियों में पोषण व एनीमिया के प्रति जागरूकता बढ़ाना सहित गैर संचारी रोगों की स्क्रीनिंग करना अभियान का उद्देश्य है। अभियान में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन, महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ अन्य गतिविधियों का आयोजन किया जायेगा।


