
‘कॉफी विद सीईओ’ उपक्रम के अंतर्गत नवाचारी शिक्षकों का सम्मान और संवाद
पुणे,(मोहन सिंह तोमर)
पुणे जिला परिषद की ओर से आयोजित ‘कॉफी विद सीईओ’ इस अभिनव पहल के तहत जिले के नवाचारी (उपक्रमशील) शिक्षकों का सम्मान किया गया और उनके साथ सीधा संवाद स्थापित किया गया।
इस विशेष कार्यक्रम में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गजानन पाटिल, शिक्षा अधिकारी संजय नाईकड़े, माध्यमिक शिक्षा अधिकारी भाऊसाहेब कारेकर, योजना शिक्षा अधिकारी सुचीता पाटेकर, उपशिक्षणाधिकारी सिद्धार्थ चव्हाण तथा ओपन लिंक्स फाउंडेशन के संजय डालमिया एवं उनकी टीम उपस्थित रही।
इस पहल का उद्देश्य नवाचारी शिक्षकों के कार्यों की सराहना कर उन्हें प्रोत्साहित करना, अध्यापन में आ रही चुनौतियों को समझना और उनके अनुभवों व प्रयासों को अन्य शिक्षकों तक पहुँचाकर प्रेरणा देना है। अनौपचारिक वातावरण में हुए संवाद में शिक्षकों ने तकनीक का उपयोग, ऑनलाइन शिक्षण पद्धति, स्मार्ट क्लासरूम, ग्रामस्थों और लोकसहभाग से चल रहे उपक्रम, शिक्षण की चुनौतियाँ तथा आवश्यक भौतिक सुविधाओं के विषय में अपने अनुभव साझा किए।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी गजानन पाटिल ने शिक्षकों के सुझावों को गंभीरता से नोट करते हुए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा, “शिक्षक समाज के असली शिल्पकार हैं। ‘कॉफी विद सीईओ’ पहल ने शिक्षकों से सीधे संवाद का मंच दिया है। आप जैसे नवाचारी शिक्षकों की बदौलत पुणे जिला शैक्षिक क्षेत्र में अग्रणी है। जिला परिषद आपके विचारों और प्रयासों को हमेशा समर्थन देती रहेगी।”
इस सफल संवाद से प्रशासन और शिक्षकों के बीच सहयोग और मजबूत होगा तथा शिक्षा क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए नया उत्साह उत्पन्न होगा, ऐसा मत उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने व्यक्त किया।



