
नवरात्रि व दशहरा पर्व की तैयारियों को लेकर इटावा में केंद्रीय शांति समिति की बैठक सम्पन्न
इटावा | विशाल समाचार
इटावा जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आगामी त्यौहारों नवरात्रि विजयदशमी, दशहरा पर्व के अंतर्गत मंदिरों एवं पंडालों में दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना एवं प्रतिमा विसर्जन, शोभायात्रा ,जुलूस, रामलीला मंचन की तैयारियों की समीक्षा एवं शांति सुरक्षा व कानून व्यवस्था के दृष्टिगत केंद्रीय शांति समिति की बैठक कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में आयोजित की गई। बैठक में सभी धर्म के गुरुओं, महन्तो एवं मौलवियों तथा नागरिकों आदि ने अपनी-अपनी समस्याओं को जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय के सम्मुख प्रस्तुत की।
जिलाधिकारी ने कहा कि आने वाले त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने में जिला प्रशासन सदैव तत्पर रहेगा। उन्होंने जनपद वासियों से नवरात्रि को शांतिपूर्ण ढंग से सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की। जिलाधिकारी ने त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों के पूर्व सारी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं।
उन्होंने कहा कि देवी मंदिरों के आसपास अभी से साफ सफाई करा दी जाए एवं पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए साथ ही साथ उन्होंने यह भी अवगत कराया की डीजे साउंड की आवाज मानक के अनुसार ही होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जहां भी दुर्गा प्रतिमा पांडाल में रखी जाए वहां पर सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगाए जाएं । उन्होंने विद्युत विभाग को निर्देश दिए कि पांडाल के आसपास लटकते हुए तारों को ऊंचा कराया जाए उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को निर्देशित करते हुए कहा कि सड़कों की साफ सफाई अभी से सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने त्योहारों के दौरान अराजक तत्वों से कड़ाई से निपटने के भी निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंदिरों पर साफ सफाई, बिजली एवं पानी आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि कोई नई परंपरा न लागू की जाए। उन्होंने छुट्टा गोवंश को लेकर अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को निर्देशित करते हुए कहा कि उनको पकड़वाकर नजदीकी गौशाला में भिजवाया जाए।उन्होंने विद्युत विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि तारों को ऊंचा कराया जाए जिससे किसी भी प्रकार की कोई समस्या उत्पन्न ना हो। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरों पर विशेष ध्यान ना दिया जाए ।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की घटना न होने पाए उससे पूर्व सभी पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगा दी जाए।उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों द्वारा कार्य शासन की मंशा रूप किया जाए एवं सभी की ड्यूटी लगा दी जाए साथ ही साथ उन्होंने यह भी अवगत कराया सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें फैलाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुलिस के सभी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान लगातार गस्त लगाया जाए जिससे किसी भी प्रकार की कोई समस्या ना हो।
बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक अभय नाथ त्रिपाठी,अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ,नगर मजिस्ट्रेट राजेंद्र बहादुर, समस्त उपजिलाधिकारी, समस्त क्षेत्राधिकारी एवं समस्त संबंधित अधिकारीगण आदि उपस्थित रहे।

