
बौधायन लाइव क्लास का शुभारम्भ – शिक्षा विभाग की नई पहल
सीतामढ़ी कुणाल किशोर
शिक्षा की गुणवत्ता को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग द्वारा संचालित किए जाने वाले बौधायन लाइव क्लास का आज शुभारम्भ जिला पदाधिकारी श्री रिची पांडेय द्वारा एमपी हाई स्कूल डुमरा में किया गया।
जिला पदाधिकारी के सतत प्रयास एवं विशेष पहल के फलस्वरूप इस महत्वपूर्ण कार्य की शुरुआत संभव हो पाई है। उनके मार्गदर्शन में शिक्षा विभाग एवं पिरामल फाउंडेशन ने संयुक्त रूप से इस कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की, ताकि जिले के सभी बच्चों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंच सके।
उल्लेखनीय है कि शुभारम्भ के अवसर पर जिला पदाधिकारी स्वयं पहले लाइव सेशन में शामिल हुए और जिलेवासियों एवं छात्र-छात्राओं को सीधे संबोधित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीक का अधिकतम उपयोग कर पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा दी और कहा कि —
“बौधायन लाइव क्लास जिले के बच्चों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में एक क्रांतिकारी पहल है। अब बच्चों को घर बैठे उत्कृष्ट शिक्षकों से सीधे पढ़ने का अवसर मिलेगा। यह न केवल उनके ज्ञान को समृद्ध करेगा, बल्कि प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी में भी सहायक सिद्ध होगा। तकनीक आधारित शिक्षा से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ेगा और ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से वंचित नहीं रहेंगे।”
शुभारम्भ कार्यक्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी राघवेंद्र मणि त्रिपाठी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (सर्व शिक्षा अभियान) सौरव प्रियदर्शी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक) आयुष कुमार, पिरामल फाउंडेशन के प्रोग्राम लीडर अभिषेक राज एवं शिक्षा विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
अधिकारियों ने बताया कि इस कार्यक्रम के अंतर्गत नियमित रूप से ऑनलाइन लाइव क्लास संचालित होगी, जिसका सीधा लाभ जिले के सभी विद्यालयों के विद्यार्थियों को मिलेगा।
जिलाधिकारी ने सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से इस योजना का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की और कहा कि बौधायन लाइव क्लास शिक्षा क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित होगा।



