
अजबपुर गाँव में इंस्टाग्राम स्टार विवाहिता की संदिग्ध मौत
इटावा विशाल समाचार
इटावा: जसवंतनगर क्षेत्र के बलरई थाना अंतर्गत अजबपुर गाँव में शुक्रवार की देर रात 30 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान मिथिलेश कुमारी के रूप में हुई है, जो सोशल मीडिया पर इंस्टाग्राम स्टार भी थीं।
मृतका शुक्रवार रात अपने कमरे में पंखे से साड़ी के सहारे लटकी मिलीं। सूचना मिलते ही माँ सुशीला देवी ने रात लगभग 12:30 बजे पुलिस को सूचना दी। मिथिलेश की शादी आठ वर्ष पूर्व अजबपुर निवासी अरविंद कुमार से हुई थी। मायके पक्ष का आरोप है कि अरविंद शराब का आदी था और आए दिन पत्नी से विवाद करता था। मृतका की बहन सीमा ने आरोप लगाया कि उनकी बहन की हत्या कर शव को फाँसी पर लटका दिया गया है।
घटना की सूचना पर बलरई थाना प्रभारी, ट्रेनी सीओ अभय कुमार वर्मा और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुँची। निरीक्षक दिवाकर सरोज ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन हत्या की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट होगा।
परिजनों ने मांग की है कि पैनल से पोस्टमार्टम कराया जाए। मृतका के दो छोटे बच्चे भी हैं, जिनकी देखभाल अब परिजनों के जिम्मे आ गई है। घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है और सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है।

