
इटावा: कर्मचारी नेता राजीव यादव ने यमुना पुल से कूदकर दी जान, सुसाइड नोट में लगाए गंभीर आरोप
इटावा |विशाल समाचार
नगर पालिका परिषद इटावा में कार्यरत क्लर्क और कर्मचारी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राजीव यादव ने शुक्रवार को यमुना नदी के पुल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना से नगर पालिका कर्मचारियों और शहरवासियों में आक्रोश और शोक का माहौल है।
घटनाक्रम:प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राजीव यादव बाइक से यमुना पुल पर पहुंचे और कुछ लोगों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माने और नदी में छलांग लगा दी।
सूचना मिलते ही सिटी मजिस्ट्रेट राकेश कुमार, एसडीएम सदर विक्रम राघव और कोतवाल यशवंत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बड़ी संख्या में नगर पालिका कर्मचारी और स्थानीय लोग भी पुल पर जुट गए।
सुसाइड नोट में लगाए आरोप:पुलिस को घटना स्थल से मिला दो पन्नों का सुसाइड नोट सामने आया है। इसमें राजीव यादव ने नगर पालिका अध्यक्ष, उनके पति, अधिशासी अधिकारी और एक सेवानिवृत्त पेशकार पर उत्पीड़न, वेतन रिकवरी और लगातार नोटिस भेजकर मानसिक प्रताड़ना देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
उन्होंने लिखा कि लंबे समय से उन पर अनुचित दबाव बनाया जा रहा था, जिससे परेशान होकर उन्होंने यह कदम उठाया।
तलाश जारी: एसडीएम विक्रम राघव ने बताया कि स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ टीम को खोजबीन में लगाया गया है। हालांकि खबर लिखे जाने तक शव बरामद नहीं हो सका था।
कर्मचारियों में गुस्सा, परिवार ने मांगी निष्पक्ष जांच
घटना के बाद नगर पालिका के कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। कर्मचारियों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। वहीं मृतक के परिवार ने शासन-प्रशासन सेन्याय की मांग की है।



