
सेवा पखवाड़ा अन्तर्गत लोक कल्याण मेला संपन्न
रीवा विशाल समाचार. सेवा पखवाड़ा के तहत नगर निगम सभागार में लोक कल्याण मेला अंतर्गत प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत स्ट्रीट फूड वेंडरों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस दौरान भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के मार्गदर्शन में इंडियनर्स मीडिया प्राइवेट लिमिटेड भोपाल द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में लगभग 150 स्ट्रीट फूड वेंडरों ने भाग लिया। विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को खाद्य स्वच्छता, सुरक्षा, गुणवत्ता मानक एवं पोषण संबंधी महत्वपूर्ण दिशानिर्देशों की जानकारी दी। उल्लेखनीय है कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य वेंडरों को अधिक सक्षम बनाना है ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।
कार्यक्रम में प्रश्नोत्तरी सत्र के माध्यम से स्ट्रीट फूड वेंडरों को खाद्य सुरक्षा कानूनों, बेहतर कार्य-प्रणालियों और उपभोक्ता स्वास्थ्य संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान उपायुक्त प्रकाश द्विवेदी, सिटी मिशन मैनेजर अभिमन्यु सिंह, प्रशिक्षण प्रदाता एवं बड़ी संख्या में पथ विक्रेता मौजूद रहे।


