
सीतामढ़ी में डिलीवरी ब्वाय से लूट, बदमाश फरार
कुणाल किशोर सीतामढ़ी
सीतामढ़ी जिले में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस की नाकामी उजागर कर दी। बथनाहा स्कूल के समीप तीन बदमाशों ने डिलीवरी ब्वाय विश्वजीत कुमार को पिस्टल के बल पर रोककर 10 हजार रुपये नकद और सोने की चेन लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने पिस्टल के बट से मारकर विश्वजीत को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बदमाश बिना नंबर की स्प्लेंडर प्लस बाइक पर सवार होकर आए थे और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर छापेमारी शुरू कर दी है।
सीतामढ़ी में लूट की यह कोई पहली वारदात नहीं है। इससे पहले भी बदमाशों ने सीएसपी संचालकों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की लूट की घटनाओं को अंजाम दिया है, जिससे आम लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।



