
स्नातक युवाओं को मिलेगा सहारा — मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना से हर महीने ₹1000 की मदद
बिहार विशाल समाचार
बिहार सरकार ने युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना को और विस्तार दिया है। ‘सुशासन के सात निश्चय’ में शामिल ‘आर्थिक हल, युवाओं को बल’ कार्यक्रम के तहत यह योजना वर्ष 2016-17 से लागू है।
इस योजना की शुरुआत 2 अक्टूबर 2016 को की गई थी। अब राज्य सरकार ने इसे वर्ष 2021-22 से 2025-26 तक बढ़ाते हुए इसमें स्नातक उत्तीर्ण बेरोजगार युवक-युवतियों को भी शामिल कर लिया है।
योजना के तहत 20 से 25 वर्ष आयु वर्ग के वे युवा, जिन्होंने स्नातक (कला, विज्ञान या वाणिज्य संकाय से) परीक्षा उत्तीर्ण की है, परंतु फिलहाल किसी भी सरकारी, निजी या स्व-रोजगार में नहीं हैं और आगे की पढ़ाई भी नहीं कर रहे हैं, उन्हें रोजगार की तलाश के दौरान प्रति माह ₹1000 की सहायता राशि अधिकतम दो वर्षों तक प्रदान की जाएगी।
साथ ही, लाभार्थियों को रोजगार या स्वरोजगार के लिए क्षमतावर्धन हेतु निःशुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण भी श्रम संसाधन विभाग, बिहार की ओर से दिया जाएगा।

राज्य सरकार का लक्ष्य है कि इस योजना के तहत हर साल पाँच लाख युवाओं को लाभान्वित किया जाए, जिस पर लगभग ₹600 करोड़ रुपये का वार्षिक व्यय प्रस्तावित है।



