
सीतामढ़ी में भारी वर्षा और वज्रपात की चेतावनी, प्रशासन ने तटबंधों का निरीक्षण तेज किया
सीतामढ़ी विशाल समाचार: बिहार सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग और बिहार मौसम सेवा केन्द्र, पटना ने 04 अक्टूबर से 07 अक्टूबर तक नेपाल और सीतामढ़ी जिले में भारी वर्षा और वज्रपात की संभावना के चलते चेतावनी जारी की है।
जिला पदाधिकारी, सीतामढ़ी ने 04 अक्टूबर को विभिन्न अंचलों में तटबंधों का निरीक्षण किया और निर्देश दिए कि जल संसाधन विभाग, प्रखंड विकास अधिकारी, अंचलाधिकारी, थानाध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में रहें और आवश्यकतानुसार कार्रवाई करें।
प्रशासन ने नदी के जल स्तर में गिरावट की जानकारी देते हुए कहा कि स्थिति पर सतत निगरानी रखी जा रही है और अधिकारी क्षेत्र में कैंप करके स्थिति पर नजर रख रहे हैं।
जिलावासियों से अपील की गई है कि ज़रूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलें, नदी, तालाब, पोखर और जल जमाव वाले क्षेत्रों से दूर रहें, और बच्चों एवं बुजुर्गों को सुरक्षित रखें।
आपात स्थिति में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष (06226-250316) या संबंधित थानाध्यक्ष, अंचलाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी से संपर्क किया जा सकता है।



