
राजनीतिक उपेक्षा के खिलाफ कानू कल्याण महासभा की बैठक, सीतामढ़ी में टिकट की मांग
सीतामढ़ी, कुणाल किशोर
कानू कल्याण महासभा सीतामढ़ी की एक महत्वपूर्ण बैठक बसवरिया स्थित पूर्व सैनिक अनिल कुमार के आवास पर आयोजित की गई। बैठक में समाज की राजनीतिक भागीदारी और उपेक्षा के मुद्दे पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे जिला अध्यक्ष रामेश्वर साह ने कहा कि सीतामढ़ी जिले में कानू समाज की संख्या लगभग तीन लाख से अधिक है, जबकि केवल सीतामढ़ी विधानसभा क्षेत्र में ही तीस हजार से ज्यादा मतदाता हैं। इसके बावजूद, समाज को उसके योगदान और जनसंख्या के अनुरूप राजनीतिक प्रतिनिधित्व नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने कहा, “हम किसी राजनीतिक दल के बंधुआ मजदूर नहीं हैं। जो पार्टी हमारे समाज को सम्मान और अधिकार नहीं देगी, उसे हम वोट नहीं देंगे।”
बैठक में इंडिया गठबंधन और एनडीए गठबंधन दोनों को आगाह करते हुए कहा गया कि समाज की जनसंख्या और योगदान को ध्यान में रखते हुए सीतामढ़ी जिले में टिकट की मांग की जाती है।
बैठक को डॉ. अमरनाथ गुप्ता, दिलीप गुप्ता, रामजिनिश गुप्ता ने संबोधित किया और समाज की मांग को पूर्णत: न्यायसंगत बताया।
बैठक में रविंद्र कुमार, रामजी साह, अभिमन्यु साह, रविशंकर कुमार, विश्वनाथ साह, मदन प्रसाद, लालजी साह, कृष्णमोहन, अशोक साह, रमाशंकर साह, संजय गांधी, शिवशंकर साह, बिगन कुमार, रधघुबीर साह सहित बड़ी संख्या में समाज के प्रतिनिधि उपस्थित थे।


