
ग्राम पंचायत इंद्रावखी में आवारा सांड का आतंक — प्रशासन की लापरवाही से ग्रामीणों में भय और आक्रोश
Reported by Vishal Sharmachar Web Desk | Etawah Bureau
इटावा विकासखंड महेवा की ग्राम पंचायत इंद्रावखी इन दिनों आवारा सांड के आतंक से दहशत में है। ग्रामीणों का कहना है कि सांड के भय से किसान खेतों पर जाना बंद कर चुके हैं, वहीं जिस रास्ते से रोज़ बच्चे विद्यालय जाते हैं, उसी रास्ते पर यह खतरनाक सांड खुलेआम घूमता रहता है।
ग्रामीणों ने बताया कि खंड विकास अधिकारी बृज बिहारी त्रिपाठी को इस संबंध में लिखित शिकायत दी जा चुकी है और सीएम हेल्पलाइन पर भी कई बार शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन कार्रवाई के नाम पर केवल कागजी निस्तारण दिखाया गया। ब्लॉक स्तर से सांड को “पकड़वाने” का दिखावा किया गया, जबकि हकीकत में आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

इसी सांड के हमले में एक गरीब मज़दूर गंभीर रूप से घायल हो चुका है, जिसका पैर तीन जगह से फ्रैक्चर हो गया। वह अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था, जिससे अब पूरे परिवार के भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है।
घटना को बीते 20 दिन से अधिक हो चुके हैं, लेकिन अब तक न कोई अधिकारी गांव पहुंचा और न ही किसी जिम्मेदार ने संज्ञान लिया। ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम पंचायत इंद्रावखी औरैया सीमा से सटी होने के कारण यहाँ अधिकारियों की नज़र नहीं पड़ती, जिससे समस्या लगातार बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो बृहस्पतिवार को सैकड़ों ग्रामीण इटावा जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचकर अपनी समस्या से डीएम को अवगत कराएंगे और धरना देने पर भी विचार किया जाएगा।
ग्रामीणों की मांग:
आवारा सांड को तुरंत पकड़वाया जाए।घायल मज़दूर के परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए।
ब्लॉक स्तर पर की गई झूठी रिपोर्टिंग की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए।
Vishal Samachar Digital Network – मुख्यालय Pune, Maharashtra
Ground से Global तक — हर खबर, हर क्लिक पर



