
विधानसभा आम निर्वाचन–2025 में निष्पक्षता सुनिश्चित करने हेतु सीतामढ़ी में उड़न दस्ते, निगरानी दल एवं एमसीएमसी समिति सक्रिय
Reported by Vishal Sharmachar Web Desk |Sitamarhi Bureau
सीतामढी मिडिया कोषांग: बिहार विधानसभा आम निर्वाचन – 2025 के अवसर पर स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के उद्देश्य से राजनीतिक दलों एवं अभ्यर्थियों के व्यय पर प्रभावी अनुश्रवण हेतु विभिन्न समितियों और निगरानी दलों का गठन किया गया है।
इस क्रम में सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए उड़न दस्ते, स्टैटिक निगरानी दल, सहायक व्यय प्रेक्षक, एकाउंटिंग टीम, वीडियो निगरानी टीम तथा वीडियो अवलोकन टीम का गठन किया गया है। ये दल अपने-अपने क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करेंगे तथा उसके उल्लंघन से संबंधित शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करेंगे।
उड़न दस्ते की टीमें अभ्यर्थियों या मतदाताओं को डराने-धमकाने, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों, मदिरा, हथियार, गोला-बारूद, अथवा नगद राशि के अवैध परिवहन जैसे मामलों पर सतर्कता से नजर रखेंगी और आवश्यकतानुसार कानूनी कार्रवाई करेंगी।
वहीं, स्टैटिक निगरानी दलों को निर्वाचन कार्य में अवैध धन के हस्तांतरण, अवैध शराब या हथियारों के मूवमेंट तथा मतदाताओं को प्रलोभन देने जैसी गतिविधियों पर निगरानी का दायित्व सौंपा गया है।
मतदाताओं को भय, दबाव या प्रलोभन से मुक्त रखकर मतदान करने का अधिकार सुनिश्चित करना निर्वाचन आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मतदाताओं को प्रभावित करने हेतु नगद या वस्तु के रूप में दिया गया कोई भी प्रलोभन भारतीय दंड संहिता 1860 की धारा 171 एवं लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 123 के अंतर्गत भ्रष्ट आचरण माना जाएगा, जिसके विरुद्ध विधि सम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही, सोशल मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, रेडियो, दूरदर्शन, ऑडियो–वीडियो विजुअल, बल्क एसएमएस और केबल नेटवर्क पर प्रसारित होने वाले राजनीतिक प्रचार के पूर्ण प्रमाणीकरण हेतु एमसीएमसी समिति सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। समिति द्वारा सभी माध्यमों पर फेक न्यूज़ एवं पेड न्यूज़ की सतत मॉनिटरिंग की जाएगी, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनी रहे।
Vishal Samachar Digital Network – मुख्यालय Pune, Maharashtra
Pune सहित 8 राज्यों में Ground Reporting सक्रिय
Ground से Global तक — हर खबर, हर क्लिक पर



