स्मार्ट मीटर लगवाने में अब किश्तों की सुविधा — उपभोक्ताओं को बड़ी राहत
उत्तर प्रदेश सरकार का निर्णय, एकमुश्त भुगतान से मिलेगी मुक्ति
लखनऊ, विशाल समाचार संवाददाता
ऊर्जा विभाग, उत्तर प्रदेश शासन ने राज्य के बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए नए स्मार्ट मीटर लगवाने के लिए किश्तों में भुगतान की सुविधा देने का निर्णय लिया है।
ऊर्जा अनुभाग-3 के विशेष सचिव राज कुमार द्वारा जारी शासनादेश (संख्या 464/24-पी-3-2025 दिनांक 17 अक्टूबर 2025) में कहा गया है कि विद्युत वितरण व्यवस्था को आधुनिक, पारदर्शक और उपभोक्तापरक बनाने के लिए पूरे प्रदेश में स्मार्ट मीटर या प्रीपेड मीटर लगाए जा रहे हैं। अब तक 40 लाख से अधिक स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं।
शासन के संज्ञान में आया है कि एकमुश्त धनराशि जमा करने में उपभोक्ताओं को कठिनाई हो रही है। इसको ध्यान में रखते हुए सरकार ने निर्णय लिया है कि उपभोक्ताओं को अब किश्तों में राशि जमा करने की सुविधा दी जाएगी।
इस निर्णय से उपभोक्ताओं को आर्थिक राहत मिलने के साथ-साथ स्मार्ट मीटरिंग प्रणाली को तेजी से लागू करने में भी मदद मिलेगी।



