
सेवानिवृत्त सैनिक संतोष कुमार सिंह के परिवार को डायल 112 संघ द्वारा दो लाख पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता
सीतामढ़ी, बिहार कुणाल किशोर— बाजपट्टी प्रखंड के वनगांव पंचायत वार्ड नंबर 3 निवासी सेवानिवृत्त सिपाही संतोष कुमार सिंह (609 EME बटालियन) का बीमारी के कारण 21 अगस्त 2025 को असमय निधन हो गया। वे 30 सितंबर 2021 को सेना से सेवानिवृत्त हुए थे तथा नवंबर 2022 से डायल 112 सेवा में कार्यरत थे।
पूर्व सैनिक अनिल कुमार ने बताया कि स्व. संतोष कुमार सिंह अपने पीछे पत्नी नितु देवी एवं दो पुत्रियाँ आस्था कुमारी व मनीषा को छोड़ गए हैं। मृतक के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है, जिससे यह परिवार अब पूर्णतः पुरुष विहीन हो गया है। विधवा नितु देवी के समक्ष दोनों बच्चियों की परवरिश एवं भविष्य की जिम्मेदारी एक बड़ी चुनौती के रूप में खड़ी है।
इस दुखद घटना पर डायल 112 में कार्यरत सेवानिवृत्त सैनिकों एवं स्थानीय पूर्व सैनिकों ने मृतक के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा परिजनों को सांत्वना दी। सभी ने मिलकर पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन भी दिया।
सहयोग की भावना के तहत डायल 112 संघ बिहार प्रदेश इकाई के पदाधिकारियों ने स्वेच्छा से अपने निजी कोष से धनराशि एकत्रित कर ₹2,05,000 (दो लाख पाँच हजार रुपये) की आर्थिक सहायता राशि का चेक मृतक की पत्नी नितु देवी को प्रदान किया।
इस सहयोगात्मक प्रयास में डायल 112 संघ बिहार प्रदेश अध्यक्ष चन्दन कुमार, उपाध्यक्ष धीरज सिंह यादव, रविशंकर कुमार, धनंजय चौबे, निरज कुमार, तथा सीतामढ़ी जिला अध्यक्ष नवीन कुमार झा का विशेष योगदान सराहनीय रहा।



