
जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में तहसील जसवंतनगर में सम्पूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न
इटावा, विशाल समाचार। तहसील जसवंतनगर में आज जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।
जिलाधिकारी ने जनसमस्याओं की सुनवाई करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारीगण स्वयं मौके पर जाकर शिकायतकर्ता की बात सुनें और न्यायोचित समाधान करें।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण की गंभीरता से जांच की जाए तथा यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो जबाबदेह अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकारी जब भी गांवों का भ्रमण करें तो अपने विभागीय योजनाओं की मौके पर समीक्षा एवं लाभार्थियों से फीडबैक अवश्य लें।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 32 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 1 शिकायत का मौके पर निस्तारण किया गया तथा शेष प्रार्थना पत्र संबंधित विभागों को भेजते हुए शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। अधिकांश शिकायतें भूमि एवं राजस्व संबंधी मामलों से जुड़ी रहीं। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि एक सप्ताह से अधिक समय से लंबित प्रकरणों के विलम्ब के कारण का उल्लेख किया जाए और सभी मामलों का एक सप्ताह के भीतर निस्तारण अनिवार्य रूप से कराया जाए।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई की। उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को मौके पर जाकर जांच व कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता पर शासन स्तर से फीडबैक लिया जाता है, अतः अधिकारी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बृजेन्द्र कुमार, उप जिलाधिकारी जसवंतनगर कुमार सत्यजीत, पुलिस उपाधीक्षक आयुषी सिंह, तहसीलदार सहित सभी संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



