
आपकी पूंजी आपका अधिकार अभियान अन्तर्गत शिविर संपन्न
रीवा विशाल समाचार. वित्तीय क्षेत्र में अनक्लेम्ड एसेट्स के कुशल एवं त्वरित निपटान को सुगम बनाने के उद्देश्य से आपकी पूंजी आपका अधिकार अभियान अन्तर्गत कैंप का आयोजन किया गया। कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में आयोजित कार्यशाला में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, यूनियन बैंक के उप महाप्रबंधक एवं सहायक महाप्रबंधक तथा बैंकर्स उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार के वित्त सेवा विभाग द्वारा 31 दिसंबर तक बैंकों में जागरूकता शिविर आयोजित किये जा रहे हैं जिसके माध्यम से गत दस वर्ष में जिन खातों में कोई लेन देन नहीं हुआ उनकी राशि रिजर्व बैंक में भेज दी गई है। रिजर्व बैंक द्वारा उपरोक्त राशि को संबंधित बैंकों को भेजकर निर्देश दिये गये हैं कि पहचान कर संबंधित खातेदार को राशि को वापस किया जाय।
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने बैंकर्स से कहा कि ऐसे ग्रामीण खाताधारकों की सूची उपलब्ध करायें ताकि ग्राम सभा में वाचन कराकर उनकी पहचान के उपरांत राशि वापस किये जाने की कार्यवाही की जाय। इसी क्रम में शासकीय विभागों के खातों की भी सूची प्रस्तुत करने की बात कलेक्टर द्वारा कही गई। क्षेत्रीय प्रबंधक अजय खरे ने बताया कि रीवा जिले में यूनियन बैंक में 51 करोड़ रूपये की अनक्लेम्ड राशि को संबंधित खातेदार की पहचान के लिये जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है ताकि वह उनके खातों में वापस की जा सके। अग्रणी जिला प्रबंधक जगमोहन ने बताया कि अनक्लेम्ड जमा राशि, अनक्लेम्ड बीमा दावे, अनक्लेम्ड डिविडेंड, अनक्लेम्ड शेयर एवं म्यूचुअल फण्ड से संबंधित दावे प्राप्त करने के लिए निवेशकों को आवश्यक सहयोग और सहायता दी जाएगी। इसके लिए शिविर में पृथक-पृथक काउंटर उपलब्ध रहेंगे। अग्रणी बैंक प्रबंधक ने कहा कि आमजनता शिविर का लाभ उठाकर अपनी अनक्लेम्ड राशि वापस ले सकते हैं।
