
जिलाधिकारी शुभ्रांत शुक्ला के नेतृत्व में अधिकारियों का पैदल मार्च — पर्यावरण संरक्षण व ईंधन बचत का संदेश
इटावा विशाल समाचार संवाददाता: पर्यावरण छात्र संसद के आह्वान पर “सप्ताह में एक दिन वाहन छोड़ो, पैदल चलो” अभियान के तहत बुधवार को जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ला के नेतृत्व में विभिन्न विभागों के अधिकारी पैदल ही अपने कार्यालय पहुंचे। इस अनूठी पहल में समाजसेवी भी शामिल हुए।
डीएम आवास से शुरू हुआ यह पैदल मार्च अटल चौक होते हुए विकास भवन और कचहरी परिसर तक पहुंचा। शुरुआत में पर्यावरण छात्र संसद के संयोजक कैलाश यादव, संजय सक्सेना व मानवेंद्र शर्मा ने जिलाधिकारी का बुके देकर स्वागत किया और प्रस्ताव की रूपरेखा बताई।
जिलाधिकारी शुक्ला ने कहा कि यह पहल सराहनीय है — इससे शरीर स्वस्थ रहेगा, ईंधन की बचत होगी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ईंधन बचत का आह्वान किया है, और यह पहल उसी दिशा में एक सकारात्मक कदम है।
पैदल मार्च में सिटी मजिस्ट्रेट राकेश कुमार, जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद, जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल कुमार सिंह, जिला पंचायती राज अधिकारी बनवारी सिंह, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी संजीव कुमार, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी प्रदीप तिवारी, प्रधानाचार्य उमेश यादव, जल संरक्षक निर्मल सिंह, विवेकानंद संस्थान के संयोजक डा. आशीष दीक्षित, समाजसेवी राम जनम सिंह समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे।
पर्यावरण छात्र संसद के संयोजक कैलाश यादव और संजय सक्सेना ने बताया कि जिलाधिकारी और अधिकारियों द्वारा इस प्रस्ताव को अपनाना प्रेरणादायी है। इससे आम नागरिकों में भी जागरूकता बढ़ेगी। उन्होंने अपील की कि हर व्यक्ति सप्ताह में कम से कम एक दिन पैदल चलने की आदत डाले, ताकि पर्यावरण और स्वास्थ्य दोनों का संरक्षण हो सके।


