
मऊगंज में धूमधाम से मनाया गया प्रदेश स्थापना दिवस
प्रदेश में 2028 तक एक करोड़ हेक्टेयर में होगी सिंचाई – सांसद श्री मिश्र
मऊगंज विशाल समाचार संवाददाता. मऊगंज में प्रदेश स्थापना दिवस का मुख्य समारोह कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि सांसद श्री जनार्दन मिश्र ने ध्वजारोहण करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सांसद ने कहा कि चार क्षेत्रों को मिलाकर 1956 में मध्यप्रदेश का गठन किया गया। प्रदेश गठन के मसौदे में ही विन्ध्य प्रदेश में 10 वर्षों में ललितपुर से सिंगरौली रेलवे लाइन का उल्लेख है लेकिन यह कार्य पूरा न हो सका। 1977 में इस रेलवे लाइन का सर्वे शुरू हुआ। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने इस रेलवे लाइन के निर्माण के लिए लगातार सहयोग किया। इस वर्ष इस परियोजना के लिए 700 करोड़ रुपए का बजट मिला है। अब रीवा से रामपुर नैकिन तक रेलवे लाइन बन गई है। सतना से पन्ना तक का कार्य भी एक साल में पूरा हो जाएगा। अगले कुछ सालों में ललितपुर से सिंगरौली तक रेलवे लाइन का सपना साकार होगा। यह रेलवे लाइन अगर आज से 50 वर्ष पहले बन गई होती तो पूरे विन्ध्य की तस्वीर बदल जाती। समारोह में सांसद ने सभी को प्रदेश के विकास में योगदान की शपथ दिलाई।

सांसद ने कहा कि मध्यप्रदेश ने 2003 के बाद तेजी से विकास किया है। 2003 में केवल सात लाख हेक्टेयर में प्रदेश में सिंचाई होती थी। आज प्रदेश में 48 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई हो रही है। प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव जी ने कहा है कि 2028 तक प्रदेश में एक करोड़ हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा मिलेगी। अब प्रदेश तेजी से विकास कर रहा है। 2003 की तुलना में आमजनता की औसत आय आधारभूत संरचना, सिंचाई सुविधा तथा उद्योगों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। 2003 में प्रदेश का बजट 23 हजार करोड़ का था जो 2025 में बढ़कर चार लाख करोड़ का हो गया है। समारोह में विधायक मऊगंज श्री प्रदीप पटेल ने कहा कि आज प्रदेश का स्थापना दिवस हम सबके लिए गौरव का दिन है। आज ही के दिन 1956 में विन्ध्य प्रदेश, महाकौशल, सेन्ट्रल प्राविंस और बरार तथा भोपाल और ग्वालियर क्षेत्र को मिलाकर नए मध्यप्रदेश का गठन हुआ। इसमें वर्तमान छत्तीसगढ़ भी शामिल था। प्रदेश में सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और विकास के प्रयासों के सार्थक परिणाम दिखाई दे रहे हैं। महिला सशक्तिकरण, अधोसंरचना विकास, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। समारोह में विद्यार्थियों ने मध्यप्रदेश गान की मधुर प्रस्तुति दी। समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम में राखी द्विवेदी ने प्रदेश और जिले के विकास से जुड़े गीत प्रस्तुत किए। समारोह में जनपद अध्यक्ष मऊगंज श्रीमती नीलम सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष मऊगंज श्री बृजवासी पटेल, कलेक्टर संजय कुमार जैन, पुलिस अधीक्षक दिलीप सोनी, अपर कलेक्टर पीके पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह, संयुक्त कलेक्टर एपी द्विवेदी तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।


