लखनऊ

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए. के. शर्मा ने जौनपुर के बदलापुर महोत्सव में किया प्रतिभाग

 

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए. के. शर्मा ने जौनपुर के बदलापुर महोत्सव में किया प्रतिभाग

 

लगभग 36 करोड़ रुपये की लागत वाली परियोजनाओं का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास

 

पेयजल, सड़क, पार्क, ओपन जिम, सीवरेज व जल निकासी जैसे जनोपयोगी कार्यों से क्षेत्र को मिलेगी नई दिशा

 

प्रभारी मंत्री ने अपने संबोधन में बाबूगंज सबस्टेशन बनाने की घोषणा की

 

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत नवविवाहित जोड़ों को दिया आशीर्वाद

लखनऊ, विशाल समाचार संवाददाता 

 

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एवं जौनपुर के प्रभारी मंत्री श्री ए. के. शर्मा ने आज अपने जनपद प्रवास के दौरान बदलापुर महोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होकर जनसमुदाय को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने लगभग 36 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

इन परियोजनाओं में पेयजल आपूर्ति, इंटरलॉकिंग मार्ग, ओपन जिम, पुस्तकालय, पार्क व मूर्ति स्थापन, सीवरेज, जल निकासी, नाला निर्माण और सीसी रोड निर्माण जैसे जनसुविधा से जुड़े कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र की आधारभूत संरचना मजबूत होगी और आम जनता को बेहतर नागरिक सुविधाएं प्राप्त होंगी।प्रभारी मंत्री ने अपने संबोधन में बाबूगंज में नए विद्युत सबस्टेशन बनाने की घोषणा की।

 

बदलापुर महोत्सव के मंच से मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि यह आयोजन केवल एक सांस्कृतिक उत्सव नहीं, बल्कि जनभावनाओं, सामाजिक एकता और विकास का संगम है। उन्होंने कहा कि जौनपुर सदियों से संस्कृति, शिक्षा और समाज सेवा की धरती रही है, और आज यह महोत्सव उसी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ा रहा है।उन्होंने कहा कि महोत्सव केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि यह बताता है कि जनता की एकजुटता और प्रशासन की प्रतिबद्धता मिलकर क्षेत्र के विकास को नई ऊंचाई दे सकती है।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री शर्मा ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि यह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के सम्मान से जुड़ी सामाजिक पहल है। इस योजना के माध्यम से सरकार न केवल आर्थिक सहयोग कर रही है, बल्कि समानता और सामाजिक सद्भाव का संदेश भी दे रही है।प्रभारी मंत्री ने सामूहिक विवाह की राशि एक लाख करने पर मा. मुख्यमंत्री जी का आभार जताया।

 

अपने संबोधन में मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि हर जनपद, हर नगर और हर गांव विकास और स्वावलंबन का मॉडल बने। उन्होंने कहा कि जौनपुर जनपद का हर क्षेत्र अब तेजी से बदल रहा है — सड़क, पानी, बिजली, स्वच्छता और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं पर निरंतर कार्य हो रहे हैं।

 

श्री ए. के. शर्मा ने कहा कि बदलापुर महोत्सव जैसी पहलें सांस्कृतिक गौरव और विकास की भावना को एक साथ जोड़ती हैं। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम नागरिकों को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में सकारात्मकता, एकता और उत्साह का संचार करते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button