
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाजपट्टी का जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण, अनुपस्थित डॉक्टर का वेतन स्थगित
बाजपट्टी, विशाल समाचार संवाददाता
जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय ने आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाजपट्टी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों, एएनएम, पारा मेडिकल स्टाफ और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति रजिस्टर की जांच की गई। जांच में डॉ. राजीव रंजन चौरसिया अनुपस्थित पाए गए, जिसके बाद जिलाधिकारी ने उनका वेतन स्थगित रखने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने प्रसव पूर्व जांच कक्ष, प्रसूति वार्ड, जनरल ओपीडी, एक्स-रे रूम, परिवार नियोजन परामर्श कक्ष, इमरजेंसी वार्ड तथा एमसीएच विंग सहित सभी महत्वपूर्ण इकाइयों का निरीक्षण किया। आवश्यक दवाओं की उपलब्धता की जांच की गई तथा साफ–सफाई की स्थिति संतोषजनक पाई गई।
उन्होंने लक्ष्य के अनुरूप प्रसव संख्या का मूल्यांकन करते हुए निर्देश दिया कि मानक के अनुसार सभी मरीजों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाएं। इसके अलावा दवा वितरण कक्ष, दवा स्टोर, टीकाकरण कक्ष, जांच केंद्र, महिला–पुरुष वार्ड और ऑपरेशन थिएटर का भी गहन निरीक्षण किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होना है। अस्पतालों में स्वच्छता, दवाओं की उपलब्धता, आवश्यक जांच सुविधा तथा मरीजों के प्रति मानवीय व्यवहार अनिवार्य है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित समीक्षा की जाएगी और सभी संबंधित अधिकारी निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्था सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान डॉ. जे. जावेद, डीसीपी दिनेश कुमार तथा डीपीएम आसित रंजन उपस्थित रहे।



