
नगर निगम क्षेत्र में स्ट्रॉम वाटर ड्रेनेज योजना की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी की कड़ी नाराज़गी, स्थल पर जाकर किया निरीक्षण
सीतामढ़ी विशाल समाचार संवाददाता
नगर निगम क्षेत्र में क्रियान्वित की जा रही स्ट्रॉम वाटर ड्रेनेज योजना की धीमी रफ्तार को देखते हुए आज जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय ने गौशाला चौक के पास चल रहे कार्य स्थल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्य की वर्तमान स्थिति, गुणवत्ता और प्रगति का विस्तृत जायजा लिया गया।
निरीक्षण स्थल पर नगर आयुक्त श्री गजेंद्र प्रसाद सिंह, बुडको के अधिकारी, संबंधित कार्य एजेंसी के प्रतिनिधि तथा डीसीएलआर सदर उपस्थित थे।
जिलाधिकारी ने स्ट्रॉम वाटर ड्रेनेज योजना की अत्यंत धीमी गति पर बुडको के अधिकारी और कार्य एजेंसी के प्रतिनिधि के प्रति कड़ी नाराज़गी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि—
कार्य एजेंसी से तुरंत स्पष्टीकरण तलब किया जाए।
निर्धारित समय सीमा में कार्य की गति बढ़ाकर योजना को हर हाल में समय पर पूरा किया जाए।
निर्देश दिया कि कार्य की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न हो एवं निर्माण विशिष्टियों एवं तय मानकों के अनुरूप ही किया जाए।
मौके पर मौजूद अधिकारियों को संबंधित क्षेत्र में हो रहे अतिक्रमण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त को निर्देशित किया कि सीतामढ़ी नगर निगम क्षेत्र की विभिन्न सड़कों की मरम्मती, पुनर्निर्माण और सुव्यवस्थित रखरखाव के लिए आवश्यक कदम तत्काल प्रभाव से उठाए जाएं, ताकि नागरिकों को बुनियादी शहरी सुविधाएं बिना किसी बाधा के उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने कहा कि स्ट्रॉम वाटर ड्रेनेज योजना शहर के जलनिकासी तंत्र को सुदृढ़ बनाने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इसकी प्रगति में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



