बड़ा हादसा टला: नशे में धुत ट्रेलर चालक ने मचाई दहशत, 112 की गाड़ी व कार को मारी जोरदार टक्कर
जसवंतनगर/इटावा शिवराज सिंह राजपूत
जसवंतनगर मॉडल तहसील तिराहे के पास शनिवार शाम उस समय बड़ा हादसा होते-होते टल गया जब नशे में धुत ट्रेलर चालक ने अनियंत्रित होकर सड़क के दूसरे हिस्से में घुसते हुए खड़ी 112 पुलिस वाहन और एक टाटा टैगोर कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर चालक संतोष (20 वर्ष), निवासी फतेहपुर सीकरी, आगरा, नशे की हालत में ट्रेलर चला रहा था। अचानक नियंत्रण बिगड़ने पर घबराकर उसने चलते वाहन से छलांग लगा दी, जिसके बाद ट्रेलर सीधे खड़े वाहनों से जा टकराया।
इस दुर्घटना में ट्रेलर चालक सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए।
घायलों की पहचान —
सिपाही सुरेंद्र कुमार मौर्य, तैनाती 112 पुलिस वाहन
सुधांशु (35 वर्ष), निवासी फर्रुखाबाद
नेत्र राम (37 वर्ष), तैनाती थाना जसवंतनगर
घटना की जानकारी मिलते ही थाना अध्यक्ष कमल भाटी, उपनिरीक्षक मनीष कुमार, ललित चतुर्वेदी, शुभम वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें सैफई पीजीआई रेफर कर दिया गया।
इंडस्ट्रियल मैनेजर सुनीत चौहान भी क्रेन व एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

