लखनऊ

उत्तर प्रदेश में बागवानी उत्पादों के वैश्विक निर्यात को गति देने औद्यानिकी निर्यात प्रोत्साहन बोर्ड की द्वितीय बैठक संपन्न

उत्तर प्रदेश में बागवानी उत्पादों के वैश्विक निर्यात को गति देने औद्यानिकी निर्यात प्रोत्साहन बोर्ड की द्वितीय बैठक संपन्न

 

बागबानों की उपज अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुँचाने में योगी सरकार कटिबद्ध

 

निर्यात बढ़ाने के लिए औद्यानिक फसलों को प्रोत्साहन—मंत्री दिनेश प्रताप सिंह

लखनऊ, विशाल समाचार संवाददाता 

उत्तर प्रदेश में बागवानी फसलों एवं प्रसंस्कृत उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को उद्यान निदेशालय, लखनऊ में उत्तर प्रदेश राज्य औद्यानिकी निर्यात प्रोत्साहन बोर्ड (UPSHEB) की द्वितीय बैठक सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने की।

 

उद्यान मंत्री ने कहा कि किसानों की गुणवत्तापूर्ण उपज को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुँचाना और उन्हें बेहतर मूल्य दिलाना योगी सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में से है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को साकार करने, किसानों की आय दोगुना करने तथा निर्यात संभावनाओं का विस्तार करने के लिए यूपी हॉर्टिकल्चर प्रमोशन एक्सपोर्ट बोर्ड का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि मसाला, फूलों, औषधीय फसलों तथा मूल्यवान सब्जियों की खेती से कम क्षेत्रफल में अधिक आमदनी संभव है और सरकार किसानों को हर संभव सहयोग प्रदान कर रही है।

 

बैठक में मंत्री श्री सिंह ने निर्देश दिए कि क्लाइमेट जोन के अनुसार भी बागबानों की फसलों को बढ़ावा दिया जाय। कृषि विपणन, मंडी परिषद, एपीडा और हॉफेड आपसी समन्वय के साथ निर्यात बढ़ाने की ठोस रणनीति तैयार करें। गुणवत्तायुक्त बीज आयात की प्रक्रिया को सरल और तेज किया जाए। वैश्विक बाज़ारों के लिए उपयुक्त फसलों की पहचान कर किसानों को प्रशिक्षण एवं प्रोत्साहन दिया जाए। किस उपज की अंतरराष्ट्रीय बाजार में मांग अधिक है, किस क्षेत्र की फसल किस देश तक पहुँच सकती है और किस प्रकार गुणवत्ता आधारित उत्पादन कर प्रतिस्पर्धा को मजबूत किया जा सकता है, इन बिंदुओं पर बैठक में चर्चा की गई। नामित सदस्यों द्वारा बोर्ड के माध्यम से बागवानी फसलों के निर्यात को बढ़ावा देने के संदर्भ में अपने सुझाव प्रस्तुत किये।

 

बैठक में अपर मुख्य सचिव उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण श्री बी.एल. मीणा ने कहा कि बागबानों को वैश्विक अवसरों की जानकारी, प्रशिक्षण और ग्लोबल गेप को अपनाने हेतु प्रोत्साहन आदि पर कार्य किया जाय। औद्यानिक फसलों के उत्पादों का मानक के अनुरुप प्रसंस्कृत कर अधिक से अधिक लाभ पहुंचाया जाय।

 

बैठक में निदेशक उद्यान श्री बी.पी. राम, संयुक्त निदेशक श्री सर्वेश कुमार, श्री राजीव वर्मा, नोडल अधिकारी/सदस्य सचिव श्री पंकज कुमार शुक्ला, कृषि विपणन विभाग के डॉ. सुग्रीव शुक्ला, मंडी परिषद के श्री रामजी मिश्रा, एपीडा के श्री सी.बी. सिंह, हॉफेड की महाप्रबंधक श्रीमती गीता त्रिवेदी तथा राज्य सरकार द्वारा नामित सदस्य श्री सतीश कुमार सिंह, श्री संजीव सिंह और श्री भानु प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं निर्यातक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button