इटावाआर्थिकउत्तर प्रदेश

इटावा पुलिस को मिली डिजिटल मजबूती, विवेचकों को बांटे गए 114 टैबलेट

इटावा पुलिस को मिली डिजिटल मजबूती, विवेचकों को बांटे गए 114 टैबलेट

रिपोर्ट :विशाल समाचार 

स्थान: इटावा उत्तर प्रदेश 

इटावा। बृजेश कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में रिजर्व पुलिस लाइन इटावा में शनिवार को विवेचकों को टैबलेट वितरण, अपराध समीक्षा बैठक एवं नव-नियुक्त रिक्रूट आरक्षियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान तीन नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विवेचनाओं को अधिक तकनीकी, पारदर्शी और साक्ष्य आधारित बनाने के उद्देश्य से समस्त विवेचकों को 114 टैबलेट वितरित किए गए। पुलिस प्रशासन के अनुसार इस पहल से इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के बेहतर संकलन, डिजिटल कार्यप्रणाली को बढ़ावा देने तथा समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण विवेचना सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं अन्य अधिकारियों ने नव-नियुक्त रिक्रूट आरक्षियों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी प्रशिक्षण प्रगति, समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। साथ ही उन्हें आधुनिक पुलिसिंग व्यवस्था, साइबर जागरूकता, जनसेवा तथा उत्तर प्रदेश पुलिस के विभिन्न अभियानों की विस्तृत जानकारी दी गई।

इसके अलावा पुलिस लाइन में जनपद के समस्त अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में आगामी त्योहारों और कानून-व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण तथा अपराधियों पर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से संचालित “जीरो फेटलिटी डिस्ट्रिक्ट” अभियान की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। वहीं “यक्ष ऐप” के माध्यम से बीट सूचना संकलन एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। बैठक में यक्ष ऐप, ई-साक्ष्य, ZFD एवं MSK प्रणालियों के संबंध में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में अभयनाथ त्रिपाठी, श्रीश्चन्द्र, संतोष कुमार सिंह सहित समस्त क्षेत्राधिकारी एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button