इटावा

महायुती द्वारा रिपब्लिकन पार्टी की अनदेखी पर रामदास आठवले की नाराज़गी

महायुती द्वारा रिपब्लिकन पार्टी की अनदेखी पर रामदास आठवले की नाराज़गी

केंद्रीय सामाजिक न्याय मंत्री बोले— आगामी चुनावों में मिलना चाहिए उचित प्रतिनिधित्व

पुणे : महायुती और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) देशभर में विजय हासिल कर रहे हैं, जिसमें रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) का महत्त्वपूर्ण योगदान है। इसके बावजूद महाराष्ट्र में महायुती की ओर से रिपब्लिकन पार्टी के साथ अपेक्षित न्याय नहीं किया जा रहा है। यह आरोप रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय सामाजिक न्याय राज्यमंत्री रामदास आठवले ने पुणे में आयोजित पत्रकार परिषद में लगाया।

पत्रकार परिषद में शहराध्यक्ष संजय सोनवणे, शहर प्रभारी शैलेंद्र चव्हाण, प्रदेश संगठन सचिव परशुराम वाडेकर, प्रदेश सचिव बाळासाहेब जानराव सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

 

महापालिका चुनाव में 20 सीटों की मांग

आगामी स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को उचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए, ऐसी अपेक्षा व्यक्त करते हुए आठवले ने कहा कि मुंबई महापालिका में 17–18 और पुणे महापालिका में 20 सीटें रिपब्लिकन पार्टी को मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा—जो महायुती की स्वाभाविक सहयोगी है—उसे स्थानीय स्तर पर पार्टी नेताओं से संवाद कर उचित हिस्सेदारी देनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि पुणे महापालिका के लिए 20 प्रभागों की सूची तैयार कर भाजपा नेताओं चंद्रकांत पाटील और केंद्रीय राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोळ को सौंप दी गई है।

बेबनाव टाळा’, आठवले की घटक दलों को सलाह

आठवले ने बताया कि लंबे अंतराल के बाद चुनाव होने से इच्छुक उम्मीदवारों की संख्या बढ़ी है और कई जगहों पर महायुती के घटक दल एक-दूसरे के सामने खड़े दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय नेताओं को ऐसे बयान नहीं देने चाहिए जिनसे महायुती में मतभेद या भ्रम पैदा हो।

मोदी सभी धर्मों के लिए काम करते हैं’

उन्होंने विपक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हिंदू धर्म का पक्षधर बताना गलत है। मुसलमान बोहरा, ईसाई, जैन, बौद्ध, सिख—सभी समुदायों के हित में निर्णय लेकर उन्होंने स्वयं को सर्वसमावेशी नेता साबित किया है।

अर्थव्यवस्था पर राहुल गांधी के आरोपों को खारिज किया

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा भारतीय अर्थव्यवस्था को “मृतावस्था” में बताने पर आठवले ने कहा कि यूपीए शासन में भारत की अर्थव्यवस्था विश्व में 10वें स्थान पर थी, जो अब चौथे स्थान पर पहुंच गई है और जल्द ही तीसरे स्थान पर आएगी। इसका श्रेय एनडीए सरकार और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को जाता है।

‘गरीबों के लिए योजनाएं हमारा कर्तव्य’

राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद पवार) के प्रमुख शरद पवार द्वारा चुनावों में धनबल के इस्तेमाल के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए आठवले ने कहा कि गरीबों के हित में योजनाएं चलाना सरकार का अधिकार और कर्तव्य है। विपक्ष सत्ता में रहते हुए इन योजनाओं को लागू नहीं कर पाया।

महार वतन भूमि मुद्दे पर समिति की मांग

मुंडवा स्थित महार वतन की भूमि पर कथित कब्जे के मामले में उन्होंने कहा कि महार वतन की जमीन न तो बेची जा सकती है और न खरीदी जा सकती है, इसके बावजूद राज्यभर में ऐसी कई जमीनें हड़पी गई हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को एक समिति बनाकर एक महीने में रिपोर्ट मंगानी चाहिए। इस संबंध में वे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखने वाले हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button