
सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का संतुष्टि से निराकरण करें – अपर कलेक्टर
मऊगंज विशाल समाचार संवाददाता: मऊगंज कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में अपर कलेक्टर पी.के. पाण्डेय ने सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों तथा टीएल पत्रों के निराकरण की समीक्षा की। अपर कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी 50 दिन से अधिक समय से लंबित सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों तथा चालू माह में दर्ज प्रकरणों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण करें। समाधान ऑनलाइन के एजेण्डा बिन्दुओं में लंबित सभी सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का तीन दिवस में पूरा करें। खाद्य विभाग, पीएचई विभाग, ग्रामीण विकास विभाग तथा ऊर्जा विभाग के अधिकारी लंबित प्रकरणों के निराकरण पर विशेष ध्यान दें। अपर कलेक्टर ने कहा कि राजस्व अधिकारी क्षेत्र भ्रमण के दौरान धान खरीदी केन्द्रों और उचित मूल्य दुकानों का अनिवार्य रूप से निरीक्षण करें। अस्पताल, आंगनवाड़ी केन्द्र और स्कूलों का भी निरीक्षण करके व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।
अपर कलेक्टर ने कहा कि मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण का कार्य 90 प्रतिशत पूरा गया है। दोनों विधानसभा क्षेत्रों मऊगंज और देवतालाब में तीन दिवस में शत-प्रतिशत गणना पत्रक डिजिटाइजेशन पूरा करें। शेष बचे हुए अनमैप्ड और छूटे हुए मतदाताओं की जानकारी शत-प्रतिशत दर्ज कराएं। निर्वाचन आयोग द्वारा गहन पुनरीक्षण के लिए 11 दिसम्बर तक समय बढ़ा दिया गया है। डिजिटाइजेशन के लिए अंतिम दिवस की प्रतीक्षा न करें। बैठक में अपर कलेक्टर ने कहा कि उप संचालक कृषि और जिला प्रबंधक सहकारी बैंक खाद का नियमित वितरण कराएं। जिले में विपणन केन्द्रों तथा सहकारी समितियों को पर्याप्त खाद प्राप्त हो रही है। इसके वितरण की सतत निगरानी करें। किसानों को खाद लेते समय किसी भी तरह की परेशानी न हो। सभी अधिकारी ई आफिस के माध्यम से फाइलों का संचालन करें। फाइलों के क्रियेशन और मूवमेंट पर ध्यान दें। बैठक में अपर कलेक्टर ने फसलों के लिए सिंचाई की व्यवस्था, पोषण आहार के वितरण तथा जिला स्वास्थ्य समिति एवं जिला पोषण समिति की हर माह बैठक के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। अपर कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी कमिश्नर्स-कलेक्टर्स कान्फ्रेंस में शामिल समीक्षा बिन्दुओं के संबंध में तीन दिवस में आवश्यक कार्यवाही करके प्रतिवेदन प्रस्तुत करें।


