
सैफई विकास खण्ड में स्वावलंबन कैम्प आयोजित, सरकारी योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी
इटावा, विशाल समाचार: जिला प्रोबेशन अधिकारी ने अवगत कराया कि मुख्य विकास अधिकारी, इटावा के निर्देश (पत्रांक संख्या सी-5126, दिनांक 26.11.2025) के अनुपालन में मिशन शक्ति के अन्तर्गत विकास खण्ड स्तर पर स्वावलंबन कैम्पों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज विकास खण्ड सैफई, इटावा में स्वावलंबन कैम्प का आयोजन जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री विनय कुमार की अध्यक्षता में किया गया।
कैम्प में विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से आम जनमानस को उत्तर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई। अधिकारियों ने उपस्थित नागरिकों से अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
कैम्प में जिला प्रोबेशन अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, चिकित्सा विभाग की टीम सहित कई अन्य विभागीय अधिकारी/कार्मिक उपस्थित रहे।
जिला प्रोबेशन अधिकारी द्वारा मिशन शक्ति-5.0 के अन्तर्गत संचालित सभी कार्यक्रमों, वन स्टॉप सेंटर, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना तथा चाइल्ड हेल्प लाइन सहित महिला कल्याण विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई।
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, निराश्रित महिला पति की मृत्यु उपरान्त पारिवारिक लाभ योजना सहित कई अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के बारे में भी आम जनमानस को अवगत कराया गया। अधिकारियों ने लोगों को इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी ने उपस्थित लोगों को बाल विवाह मुक्त भारत बनाने की शपथ दिलाई तथा बाल विवाह रोकथाम और उसके दुष्प्रभावों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा कैम्प में आए लोगों की शुगर आदि की जांच की गई तथा आवश्यक दवाएं वितरित की गईं। साथ ही पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड बनवाने और उज्ज्वला स्वास्थ्य लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
स्वावलंबन कैम्प के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों ने विभिन्न विभागों की जानकारी प्राप्त कर लाभ उठाया।
—

