
विजयस्तंभ अभिवादन कार्यक्रम में अनुयायियों की सुविधाओं पर जोर : डीएम जितेंद्र डुडी
पुणे, सोहन सिंह : पेरणे फाटा में 1 जनवरी को आयोजित होने वाले विजयस्तंभ अभिवादन कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें और आने वाले अनुयायियों की किसी भी प्रकार की असुविधा दूर की जाए — ऐसे निर्देश जिलाधिकारी जितेंद्र डुडी ने संबंधित विभागों को दिए।
जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने बताया कि अनुयायियों के लिए पानी, स्वच्छतागृह, वाहनतल, दिशादर्शक संकेत, आरोग्य सेवाएँ, दवाइयाँ, ड्रोन व सीसीटीवी निगरानी, पुस्तकालय आदि सभी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी। धूल नियंत्रण, पानी आपूर्ति, यातायात व्यवस्था तथा सुरक्षा को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया।
पीएमपीएल बसों की जांच रिपोर्ट 25 दिसंबर तक परिवहन विभाग को भेजने, बस चालकों की स्वास्थ्य जांच हेतु शिविर लगाने तथा गर्भवती महिलाओं, छोटे बच्चों व वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग पंक्ति की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।
कार्यक्रम स्थल पर कंट्रोल रूम व शिकायत निवारण कक्ष स्थापित किए जाएंगे। 2019-20 के नियोजन की तुलना कर आवश्यक सुधार किए जाएंगे। कार्यक्रम खर्च की निगरानी के लिए समिति गठित करने का निर्णय हुआ।
बैठक में विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने सुझाव दिए, जिन्हें प्रशासन ने सकारात्मक रूप से स्वीकार करते हुए सहयोग करने की अपील की।

