
पीएम मोदी जॉर्डन के लिए रवाना, 7 साल बाद आधिकारिक दौरा
नई दिल्ली / अम्मान: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज जॉर्डन, इथियोपिया और ओमान की त्रिपक्षीय यात्रा पर रवाना हो गए। इस यात्रा के पहले चरण में वे 15 और 16 दिसंबर को जॉर्डन में रहेंगे और किंग अब्दुल्ला द्वितीय के साथ द्विपक्षीय संबंधों और आर्थिक सहयोग पर चर्चा करेंगे। यह दौरा भारत-जॉर्डन राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे होने के अवसर पर किया जा रहा है।
पीएम मोदी जॉर्डन के दौरे के बाद इथियोपिया और ओमान भी जाएंगे। भारत-जॉर्डन के बीच व्यापारिक रिश्ते मजबूत हैं। 2023-24 में दोनों देशों के बीच कुल व्यापार 26,033 करोड़ रुपये रहा, जिसमें भारत का निर्यात लगभग 13,266 करोड़ रुपये था। भारत अपने कुल रॉक फॉस्फेट आयात का लगभग 40 प्रतिशत जॉर्डन से करता है।
जॉर्डन भारत से मशीनरी, पेट्रोलियम, अनाज, रसायन, मीट, ऑटो पार्ट्स और उद्योग से जुड़े उत्पाद आयात करता है। भारतीय कंपनियों ने जॉर्डन के फॉस्फेट और टेक्सटाइल सेक्टर में 1.5 अरब डॉलर से अधिक का निवेश किया है।

यह यात्रा केवल औपचारिक नहीं, बल्कि रणनीतिक महत्व की भी है। पीएम मोदी 16 दिसंबर को जॉर्डन से इथियोपिया रवाना होंगे, जहां दोनों देशों के बीच आर्थिक और रणनीतिक सहयोग पर चर्चा होगी।


