
डीएसपी के निलंबन का दिया था आदेश, खुद जज साहब हो गए सस्पेंड
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर मद्रास हाईकोर्ट ने एक जज पर की कार्रवाई. पद के दुरुपयोग का लगा था आरोप.
चेन्नई : मद्रास हाई कोर्ट ने कांचीपुरम जिले के जज चेम्मल को निलंबित कर दिया है. उन पर पद के दुरुपयोग का आरोप लगा है. उनके खिलाफ कार्रवाई करने का आदेश सुप्रीम कोर्ट ने दिया था.
दरअसल, उनके खिलाफ जो आरोप लगे थे, इसके आधार पर मद्रास हाई कोर्ट रजिस्ट्रार ने उनका तबादला करने का फैसला किया था. उन्हें कांचीपुरम से अरियालपुर जिले के लोकायुक्त के पद पर भेजा जा रहा था. लेकिन जज चेम्मल खुद इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंच गए. सुप्रीम कोर्ट ने उनकी सुनवाई नहीं की. हालांकि, कोर्ट ने हाईकोर्ट रजिस्ट्रार पर सवाल उठाए. सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि हाईकोर्ट को अब तक इस मामले में कार्रवाई करनी चाहिए थी, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया.
क्या है पूरा मामला
कांचीपुरम जिले के पूसिवक्कम में एक बेकरी मालिक और उनके यहां सामान खरीदने आए एक ग्राहक (मुरुगन) के बीच झगड़ा हो गया था. आरोप है कि झगड़े के दौरान ग्राहक ने दुकान मालिक के दामाद और दुकान कर्मचारियों पर हमला किया. दोनों पार्टियों ने इस घटना के बारे में वालजाबाद पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई.
मुरुगन की शिकायत के आधार पर, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत एक मामला दर्ज किया गया. बेकरी मालिक की शिकायत के आधार पर ग्राहक के खिलाफ भी अलग से मामले दर्ज किए गए.



