शीतलहर व घने कोहरे को लेकर जिला प्रशासन सतर्क,जिलावासियों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी
सीतामढ़ी विशाल समाचार संवाददाता
सीतामढ़ी : जिला प्रशासन, सीतामढ़ी द्वारा जिलावासियों को सूचित किया जाता है कि बिहार मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार आगामी 24 घंटों के दौरान जिले के अधिकांश भागों में न्यूनतम तापमान 12 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। तापमान में गिरावट एवं पछुआ हवाओं के प्रभाव से शीतलहर का प्रकोप बढ़ सकता है। साथ ही 19 दिसंबर 2025 से घना कोहरा छाए रहने का भी पूर्वानुमान है।
शीतलहर से बचाव हेतु जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। सभी अंचल अधिकारियों एवं नगर निकायों को आवश्यकता अनुसार अलाव जलाने का निर्देश दिया गया है। जिले में शीतलहर एवं पाले से बचाव के लिए चार आश्रय स्थलों का संचालन किया जा रहा है, जहां कोई भी व्यक्ति निःशुल्क आश्रय प्राप्त कर सकता है। ये आश्रय स्थल पुराना नगर पंचायत कार्यालय, बैरगनिया; मस्जिद रोड रजिस्ट्री ऑफिस के पीछे, बेलसंड; जनकपुर रोड, वार्ड संख्या-17, पुपरी तथा नगर निगम कार्यालय, सीतामढ़ी में स्थित हैं।
जिला अंतर्गत सिविल सर्जन, सीतामढ़ी को पर्याप्त स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग के माध्यम से जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण का कार्य भी किया जा रहा है।
जिला प्रशासन द्वारा सभी जिलावासियों से अपील की जाती है कि शीतलहर एवं पाले के समय गर्म कपड़े पहनकर ही बाहर निकलें, पौष्टिक आहार एवं गर्म पेय पदार्थों का सेवन करें। बीपी, मधुमेह, हृदय रोगी एवं बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है तथा कमरे के अंदर आग न जलाएं। घने कोहरे की स्थिति में यातायात नियमों का पालन करते हुए सीमित गति में वाहन चलाएं, फॉग लाइट का प्रयोग करें और यथासंभव रात्रि यात्रा से बचें।
किसी भी आपात स्थिति में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06226-250316 पर तुरंत सूचना दें।
यह आशय की जानकारी प्रभारी पदाधिकारी जिला आपदा प्रबंधन प्रशाखा, सीतामढ़ी बिहार द्वारा जारी की गई है।



