घैला डंपिंग स्थल से कूड़ा मुक्त क्षेत्र विकसित, राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल अंतिम चरण में
लखनऊ, विशाल समाचार संवाददाता
नगर निगम लखनऊ सीमा क्षेत्र में स्थित घैला के पूर्व डंपिंग स्थल पर वर्षों से जमा लिगेसी वेस्ट के वैज्ञानिक निस्तारण के बाद विकसित किए जा रहे राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल का हाल ही में स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए शेष बचे कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, वर्ष 2016 तक आईआईएम रोड स्थित घैला क्षेत्र नगर निगम लखनऊ का एकमात्र ठोस अपशिष्ट डंपिंग स्थल था। वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था न होने के कारण यहां लगभग 6,33,911 मीट्रिक टन लिगेसी वेस्ट एकत्र हो गया था, जिससे पर्यावरण, भू-जल और आसपास के निवासियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था।
नगर निगम द्वारा लिगेसी वेस्ट के वैज्ञानिक निस्तारण की प्रक्रिया अपनाते हुए पूरे क्षेत्र को कूड़ा मुक्त किया गया है। इसके उपरांत इस स्थल को सार्वजनिक उपयोग और जागरूकता के उद्देश्य से राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। यह परियोजना स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
निरीक्षण के दौरान स्वच्छता व्यवस्था, हरित क्षेत्र विकास, सौंदर्यीकरण तथा भविष्य की रखरखाव योजनाओं पर संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी अवशेष कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं, जिससे यह स्थल आमजन के लिए उपयोगी और व्यवस्थित रूप में उपलब्ध हो सके।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल, नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार सहित नगर निगम एवं विकास प्राधिकरण से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।
—



