यात्रापूणे

भीमा कोरेगांव विजय स्तंभ शौर्य दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा

भीमा कोरेगांव विजय स्तंभ शौर्य दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा

लगभग 20 लाख अनुयायियों के लिए व्यापक व्यवस्था

पुणे (विशाल सिंह) 1 जनवरी 2026 को मौजे पेरणे में आयोजित होने वाला 209वां भीमा कोरेगांव विजय स्तंभ शौर्य दिवस अभिवादन समारोह अत्यंत उत्साह और आनंद के वातावरण में मनाया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा लगभग 20 लाख भीम अनुयायियों के लिए सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यापक तैयारी की जा रही है। इस अवसर पर अधिक से अधिक आंबेडकरी अनुयायियों से समारोह में शामिल होने की अपील भीमा कोरेगांव विजय स्तंभ दिवस समन्वय समिति के अध्यक्ष राहुल डंबाळे ने की है।

अभिवादन समारोह में आने वाले अनुयायियों के लिए पेयजल, पार्किंग, शौचालय सहित सभी बुनियादी सुविधाएं पिछले वर्षों की तुलना में अधिक संख्या में उपलब्ध कराई जाएंगी। इस संबंध में माननीय जिलाधिकारी, पुणे की अध्यक्षता में समाज के प्रतिनिधियों और समन्वय समिति के साथ छह से अधिक बैठकें संपन्न हो चुकी हैं। नागरिकों से प्राप्त सुझावों के आधार पर अंतिम योजना तैयार की जा रही है, जिससे इस वर्ष की व्यवस्थाएं अधिक गुणवत्तापूर्ण और सुव्यवस्थित होंगी।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत असामाजिक तत्वों और जेबकतरों पर विशेष नजर रखने के लिए पुणे पुलिस आयुक्तालय द्वारा पहली बार ड्रोन के माध्यम से फेस स्कैनिंग तकनीक का उपयोग किया जाएगा। संभावित भीड़ और पूर्व में हुई अप्रिय घटनाओं को ध्यान में रखते हुए पुणे शहर व पुणे ग्रामीण पुलिस द्वारा 13,000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। नागरिकों की सुरक्षा और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक एहतियाती कदम उठाए हैं।

डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर को मानवंदना की शताब्दी वर्ष

भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर द्वारा भीमा कोरेगांव विजय स्तंभ को दी गई मानवंदना को आगामी वर्ष 100 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। इस उपलक्ष्य में वर्ष 2026 को बाबासाहेब आंबेडकर मानवंदना शताब्दी वर्ष के रूप में मनाया जाएगा, जिसकी शुरुआत 1 जनवरी से होगी। इस अवसर पर डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के साथ विजय स्तंभ पर अभिवादन हेतु आए अनुयायियों के परिवारजनों द्वारा संयुक्त अभिवादन का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया है।

महार रेजिमेंट की मानवंदना

भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर ने वर्ष 1927 में शौर्य स्तंभ से महार रेजिमेंट की स्थापना की मांग की थी। उसी परंपरा के अनुरूप प्रतिवर्ष महार रेजिमेंट के सेवानिवृत्त सैनिक यहां सैन्य सम्मान प्रदान करते हैं। इस वर्ष यशसिद्धि आजी-माजी सैनिक फाउंडेशन की ओर से लगभग 3,000 सेवानिवृत्त सैनिक राष्ट्रगान के माध्यम से शौर्य स्तंभ को मानवंदना अर्पित करेंगे।

राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति

प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनेक गणमान्य व्यक्ति शौर्य दिवस कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। प्रमुख रूप से उपमुख्यमंत्री अजित पवार, केंद्रीय राज्यमंत्री रामदास आठवले, वंचित बहुजन आघाड़ी के अध्यक्ष प्रकाश आंबेडकर, रिपब्लिकन सेना के आनंदराज आंबेडकर, भारतीय बौद्ध महासभा के भीमराव आंबेडकर, पीपल्स रिपब्लिकन पार्टी के प्रो. जोगेंद्र कवाडे, भारत मुक्ति मोर्चा के वामन मेश्राम, बहुजन रिपब्लिकन सोशलिस्ट पार्टी के सुरेश माने, भारतीय दलित कोब्रा के भाई विवेक चव्हाण, सांसद चंद्रशेखर आज़ाद, सांसद चंद्रकांत हंडोरे, सांसद छत्रपति संभाजी महाराज, पूर्व मंत्री नितिन राऊत, जितेंद्र आव्हाड सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।

इस अवसर पर भीमा कोरेगांव विजय स्तंभ शौर्य दिवस समन्वय समिति की ओर से लगभग एक लाख अनुयायियों के लिए भोजन व्यवस्था की गई है। साथ ही अभिवादन सभा, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया है, यह जानकारी राहुल डंबाळे ने दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button