
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत जिला महिला चिकित्सालय में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम सम्पन्न
इटावा विशाल समाचार : जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री विनय कुमार ने अवगत कराया कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजनान्तर्गत शासन के निर्देशानुसार दिनांक 04 जनवरी 2026 को जिला महिला चिकित्सालय, इटावा में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रीमती सरिता भदौरिया, माननीय विधायक सदर इटावा मुख्य अतिथि के रूप में तथा श्रीमती रीनू चौहान की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान माननीय सदर विधायक द्वारा जिला महिला चिकित्सालय में जन्मी 16 नवजात कन्याओं को बेबी किट प्रदान की गई तथा धात्री माताओं को ड्राईफ्रूट एवं शाल भेंट कर सम्मानित किया गया। उन्होंने नवजात कन्याओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए माताओं को आशीर्वाद प्रदान किया।
माननीय विधायक द्वारा माताओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, जननी सुरक्षा योजना एवं प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना से जुड़कर आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर डा. अनिल कुमार (मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, महिला), डा. पारितोष शुक्ला (मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, पुरुष), डा. यश्मिता सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। जिला प्रोबेशन अधिकारी द्वारा माताओं एवं उनके परिजनों को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की विस्तृत जानकारी दी गई तथा विभागीय योजनाओं के पेम्पलेट का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी एवं जिला महिला चिकित्सालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रोबेशन अधिकारी, इटावा के संयोजन में सम्पन्न हुआ।


