इटावाशिक्षा

तहसील सदर में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित, 14 शिकायतें प्राप्त, 3 का मौके पर निस्तारण

तहसील सदर में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित, 14 शिकायतें प्राप्त, 3 का मौके पर निस्तारण

इटावा विशाल समाचार: जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में तहसील सदर परिसर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान जनसुनवाई करते हुए अधिकारियों ने आमजन की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और उनके समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अधिकारी प्राप्त शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अधिकारी संबंधित कर्मचारियों के साथ मौके पर जाकर शिकायतकर्ता का पक्ष सुनें और निष्पक्ष जांच के बाद समस्याओं का समाधान करें। प्रकरणों की गंभीरता को देखते हुए दोषी एवं जबाबदेह व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि जब अधिकारी गांवों का भ्रमण करें तो अपने विभाग से संबंधित योजनाओं का मौके पर सत्यापन अवश्य करें तथा लाभार्थियों से फीडबैक लेकर योजनाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करें।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान तहसील सदर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 14 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 03 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। समाधान दिवस में सबसे अधिक शिकायतें भूमि विवाद से संबंधित प्राप्त हुईं।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि एक सप्ताह से अधिक समय से लंबित प्रकरणों के निस्तारण में हो रही देरी के कारणों का स्पष्ट उल्लेख किया जाए तथा सभी प्रकरणों का निस्तारण अनिवार्य रूप से एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस विभाग से संबंधित मामलों की सुनवाई की। उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत में मौके पर जाकर निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के पश्चात शासन स्तर से शिकायतकर्ता से फीडबैक भी लिया जा रहा है, इसलिए निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में उप जिलाधिकारी सदर विक्रम सिंह राघव, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बृजेन्द्र कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर, तहसीलदार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button