
दर्पण पोर्टल व विकास कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न
आईजीआरएस फीडबैक सुधार, स्वच्छ भारत मिशन व गौवंश संरक्षण पर जिलाधिकारी के सख्त निर्देश
इटावा | विशाल समाचार
दर्पण पोर्टल एवं विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा हेतु बैठक जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद में संचालित योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने आईजीआरएस के अंतर्गत प्राप्त समाधान फीडबैक की स्थिति पर असंतोष व्यक्त करते हुए इसे अत्यंत खराब बताया। उन्होंने उपस्थित सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि आईजीआरएस एवं जनसुनवाई हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के फीडबैक की गुणवत्ता में तत्काल सुधार किया जाए।
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा के दौरान व्यक्तिगत शौचालय निर्माण एवं ओडीएफ प्लस ग्रामों की प्रगति पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने लक्ष्य के सापेक्ष कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही शौचालय रेट्रोफिटिंग के अंतर्गत अधिक से अधिक क्षतिग्रस्त शौचालयों की मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा।
सभी एडीओ पंचायत को वर्मी कम्पोस्ट की प्रगति बढ़ाने, किसानों, गौशाला के केयर टेकरों एवं अन्य हितग्राहियों को वर्मी कम्पोस्ट का प्रशिक्षण दिलाने के निर्देश दिए गए। तालाबों की नियमित साफ-सफाई, फिल्टर चेंबर पर ड्यूटी लगाकर कचरा जमा न होने देने तथा तरल अपशिष्ट प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए। इसके अतिरिक्त अंत्येष्टि स्थलों एवं डिजिटल लाइब्रेरी के निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
गौवंश संरक्षण की समीक्षा में जिलाधिकारी ने गौशालाओं में हरे चारे एवं भूसे की उपलब्धता, चारे की बुवाई तथा सहभागिता योजना के अंतर्गत गौवंश की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। निराश्रित गौवंश को पकड़कर गौशालाओं में लाने एवं गौशालाओं की क्षमता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
फैमिली आईडी प्रोजेक्ट के अंतर्गत अधिक से अधिक कैंप आयोजित कर फैमिली आईडी बनवाने के निर्देश दिए गए। जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी को प्रतिदिन ब्लॉक-वार रिपोर्ट उपलब्ध कराने एवं फैमिली आईडी निर्माण में प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम, जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रमेश चंद्र, जिला पंचायत राज अधिकारी बनवारी सिंह, समाज कल्याण अधिकारी संध्या रानी बघेल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


