सीतामढ़ीशिक्षा

जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन सरकारी मेडिकल कॉलेज का किया स्थलीय निरीक्षण

जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन सरकारी मेडिकल कॉलेज का किया स्थलीय निरीक्षण

कार्य में धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण के सख्त निर्देश

विशाल समाचार संवाददाता 

सीतामढ़ी जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय द्वारा डुमरा प्रखंड के मुरादपुर में निर्माणाधीन सरकारी मेडिकल कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि को कड़ी फटकार लगाई।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मेडिकल कॉलेज जैसा अत्यंत महत्वपूर्ण एवं जनहित से जुड़ा प्रोजेक्ट किसी भी स्थिति में अनावश्यक विलंब का शिकार नहीं होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए निर्देश दिया कि यदि निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं दिखाई देती है तो संबंधित निर्माण एजेंसी के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी का रुख सख्त रहा और उन्होंने कार्य में किसी भी स्तर की लापरवाही को अस्वीकार्य बताया।

जिलाधिकारी ने संबंधित एजेंसी को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य को तीव्र गति से पूर्ण किया जाए तथा सभी कार्य निर्धारित तकनीकी विशिष्टियों एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप हों। उन्होंने श्रमिकों एवं निर्माण सामग्री की संख्या में आवश्यक वृद्धि करने तथा कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

 

निरीक्षण के क्रम में एम्बुलेंस पार्किंग, इनडोर खेल सुविधा सहित अन्य आधारभूत संरचनाओं की जानकारी ली गई तथा निर्देश दिया गया कि निर्धारित अवधि के भीतर सभी भवनों का निर्माण पूर्ण किया जाए। मेडिकल कॉलेज परिसर में नर्सिंग स्कूल, गर्ल्स एवं बॉयज हॉस्टल, प्राचार्य, चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ एवं कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने की जानकारी भी दी गई।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने संबंधित एजेंसी के अधिकारियों के साथ बैठक कर मेडिकल कॉलेज से जुड़ी आधारभूत संरचनाओं को पीपीटी के माध्यम से देखा तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य पूर्ण होने के पश्चात सीतामढ़ी जिले के साथ-साथ आसपास के अन्य जिलों एवं नेपाल के लोगों को भी सीतामढ़ी में ही बेहतर एवं उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. अखिलेश कुमार, उपाधीक्षक सदर अस्पताल डॉ. जेड. जावेद, डीपीएम आसित रंजन, डीपीआरओ कमल सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button