
वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम 2026 में भाग लेने दावोस रवाना हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस
‘मैग्नेटिक महाराष्ट्र’ के माध्यम से वैश्विक मंच पर भारत की विकास गाथा का होगा विस्तार
मुंबई विशाल समाचार संवाददाता
महाराष्ट्र को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को और गति देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) 2026 में भाग लेने के लिए स्विट्ज़रलैंड के दावोस रवाना हो गए हैं। इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में मुख्यमंत्री के साथ उद्योग मंत्री डॉ. उदय सामंत तथा राज्य प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि वैश्विक मंच पर ‘मैग्नेटिक महाराष्ट्र’ को भारत के विकास इंजन के रूप में और अधिक सशक्त करने का यह महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की ‘महा-ग्रोथ’ यात्रा की ओर आज पूरी दुनिया आशा भरी निगाहों से देख रही है और वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम 2026 राज्य को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था की दिशा में तेजी से आगे बढ़ाने में निर्णायक भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले वर्ष महाराष्ट्र ने 16 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश समझौतों पर हस्ताक्षर किए थे। इस वर्ष राज्य सरकार का लक्ष्य इससे भी अधिक निवेश आकर्षित कर औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और आर्थिक प्रगति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।
दावोस में आयोजित इस प्रतिष्ठित वैश्विक सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस विश्व के प्रमुख उद्योग समूहों, अंतरराष्ट्रीय निवेशकों और नीति-निर्माताओं के साथ विचार-विमर्श करेंगे। इन चर्चाओं का मुख्य उद्देश्य महाराष्ट्र में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश को बढ़ावा देना, नए औद्योगिक प्रकल्प स्थापित करना, रोजगार के अवसर सृजित करना तथा राज्य की आर्थिक विकास दर को और मजबूत करना है।
राज्य सरकार को विश्वास है कि वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम 2026 के माध्यम से महाराष्ट्र वैश्विक निवेश मानचित्र पर अपनी स्थिति को और सुदृढ़ करेगा तथा ‘मैग्नेटिक महाराष्ट्र’ की अवधारणा को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में सफल होगा।



