इटावा

इटावा: 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2026 की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट में बैठक सम्पन्न

इटावा: 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2026 की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट में बैठक सम्पन्न

इटावा, विशाल समाचार—जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2026 की तैयारियों के संबंध में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि मतदाता दिवस के अवसर पर 18–19 वर्ष के नए मतदाताओं, 90 प्रतिशत से अधिक मतदान करने वाले मतदाताओं तथा बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) को सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश लखनऊ द्वारा 25 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय मतदाता दिवस आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत जनपद में तहसील स्तर पर उप जिलाधिकारी की देखरेख में विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं समस्त मतदान केंद्रों पर बीएलओ के माध्यम से कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही जनपद स्तर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम भी आयोजित होगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद मुख्यालय स्तर पर राष्ट्रीय मतदाता दिवस का कार्यक्रम विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं को जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा मतदाता शपथ दिलाई जाएगी। इसके पश्चात छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में प्रभात फेरी का आयोजन किया जाएगा, जो प्रथम राजकीय इंटर कॉलेज से प्रारंभ होकर शास्त्री चौराहा, ईदगाह चौराहा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आवास, जिलाधिकारी आवास चौराहा होते हुए विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार तक पहुंचेगी। प्रभात फेरी को जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। इसका संचालन जिला विद्यालय निरीक्षक, सहायक नोडल अधिकारी स्वीप एवं उप जिलाधिकारी के संयुक्त तत्वावधान में किया जाएगा। प्रथम प्रभात फेरी के लिए किन-किन विद्यालयों एवं कॉलेजों के छात्र-छात्राएं शामिल होंगे, इसका चयन जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर समस्त शासकीय कार्यालयों में संबंधित कार्यालय अध्यक्ष द्वारा अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मतदाता शपथ दिलाई जाए।

बैठक में वरिष्ठ कोषाधिकारी डोगरा शक्ति, जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद, जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद संतोष कुमार मिश्र सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button